लोहरदगा:पारिवारिक विवाद में महिला ने दो साल की बेटी के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले में गुरुवार को माँ-बेटी की लाश कुएं से बरामद की गई है।ये घटना कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव की है। बताया जा रहा है कि महिला ने 2 वर्ष की बेटी के साथ पानी में कूदकर अपनी जान दे दी। महिला की पहचान सलगी कोलपारा गांव निवासी जगदीश मुंडा की पत्नी अंजली कुमारी 28 वर्ष और बेटी कृति कुमारी 2 वर्ष के रूप में हुई है। घटना सुबह की बताई जा रही है। जब तक गांव के लोगों को इसकी जानकारी मिली। दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद गांव के लोगों ने पुलिस व लड़की के मायके वालों को इसकी सूचना दी।

इधर मृतिका अंजली के पिता बालको मुंडा ने ससुराल वालों पर बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।बालको मुंडा ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि दामाद की ओर से बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी कारण उसकी बेटी ने अपनी बच्ची के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। बताया गया कि महिला का पति 26 दिसंबर 2021 को हैदराबाद से वापस लोहरदगा आया था। वह हैदराबाद में रहकर रोजगार करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस महिला के पिता द्वारा लगाए गए आरोप की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। इस मामले में पुलिस ने परिजनों का भी बयान दर्ज किया है।आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!