रामगढ़ में पुलिस की मुखबिरी करने वाले युवक की बेरहमी से हत्या, चाकुओं से गोदकर दामोदर नदी के पास फेंका शव

रामगढ़। शहर के सबसे व्यस्त इलाके झंडा चौक का रहने वाला 35 वर्षीय सुमित अग्रवाल मंगलवार की रात अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हुआ और बुधवार की सुबह उसकी दर्दनाक मौत की खबर ने पूरे इलाके में सन्नाटा पसार दिया।गोलपार बगीचा से दामोदर नदी की ओर जाने वाली सुनसान पीसीसी सड़क पर जब सुबह-सुबह सुमित का खून से लथपथ शव देखा गया, तो देखने वालों की रूह कांप उठी। बेखौफ अपराधियों ने सुमित के शरीर को तेज धारदार चाकुओं से पूरी तरह गोद डाला था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8:30 बजे मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय और एसआई राजेश मुंडा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान जो तस्वीरें सामने आईं, वे और भी चौंकाने वाली थीं। शव सड़क किनारे पड़ा था, लेकिन सुमित की टी-शर्ट और चप्पल वहां से करीब 300 गज दूर सूर्य मंदिर के पास बिखरी पड़ी थी। इससे साफ जाहिर होता है कि कातिलों और सुमित के बीच जबरदस्त हाथापाई हुई होगी या उसे घसीटकर वहां तक लाया गया होगा। पुलिस ने टी-शर्ट और चप्पल को कब्जे में ले लिया है, जबकि सुमित की बजाज डिस्कवर बाइक भी रहस्यमयी तरीके से गायब है।
मृतक के ससुर विकास यादव ने पुलिस को बताया कि सुमित मंगलवार शाम अपनी बाइक लेकर निकला था, लेकिन फिर कभी लौटकर नहीं आया। शाम सात बजे के बाद परिवार वालों ने एक के बाद एक कई फोन किए, पर सुमित ने कॉल रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद उसका फोन भी पूरी तरह स्विच ऑफ हो गया। घरवाले रात भर अनहोनी की आशंका से जलते रहे और सुबह उन्हें सुमित की हत्या की खौफनाक खबर मिली।
लेकिन इस मर्डर मिस्ट्री का सबसे बड़ा और खतरनाक पहलू सुमित का अतीत है! सुमित अग्रवाल कोई सीधा-साधा युवक नहीं था, बल्कि अपराध की काली दुनिया से उसका गहरा नाता था। गांजा तस्करी, विस्फोटक पदार्थ और प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाइयां बेचने के आरोप में वह कई बार सलाखों के पीछे जा चुका था। जिले में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में उसकी पैठ थी, लेकिन इसके साथ ही वह पुलिस के लिए मुखबिरी (खबरी) का काम भी करता था!
क्या किसी गैंग को सुमित की मुखबिरी का पता चल गया था, या फिर यह गंदे धंधे के आपस की खूनी दुश्मनी का नतीजा है।जांच में पुलिस जुटी है। रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से हत्या का लग रहा है। पुलिस हर एक बिंदु पर बेहद बारीकी से तफ्तीश कर रही है और दावा किया है कि सुमित के कातिल जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, लेकिन इस खौफनाक कत्ल ने शहर में कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं!

