जामताड़ा:स्कूल में बच्ची से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास, एफआईआर दर्ज; फरार प्रिंसिपल की तलाश में जुटी पुलिस..

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जेरुआ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोला अंसारी पर पहली कक्षा में पढ़ने वाली महज छह साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का बेहद गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है, वहीं आरोपी शिक्षक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है।
पीड़ित बच्ची के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, सोमवार को बच्ची रोज की तरह पढ़ाई करने स्कूल गई थी। दोपहर में चालाक प्रधानाध्यापक ने बाकी बच्चों की तो छुट्टी कर दी, लेकिन तीन नन्हीं बच्चियों को जबरन स्कूल में ही रोक लिया। इसके बाद आरोपी फुसलाकर छह वर्षीय बच्ची को ऊपर के कमरे में ले गया और उसके साथ गंदी हरकत करने लगा। सहमी हुई बच्ची ने जब हिम्मत दिखाकर शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से हैवान बना शिक्षक उसे छोड़कर भाग निकला. जाते-जाते उसने मासूम को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घर पहुंचने पर बच्ची गुमसुम और बुरी तरह डरी-सहमी थी। परिजनों को जब उसकी हालत देखकर शक हुआ और प्यार से पूछताछ की, तो मासूम फफक-फफक कर रो पड़ी और पूरी आपबीती सुना दी।यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना एक पल गंवाए परिजन नारायणपुर थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।नारायणपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कांड संख्या 128/26 दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया है, साथ ही मामले की आधिकारिक सूचना बाल कल्याण समिति (CWC) को दे दी गई है।थाना प्रभारी ने साफ कहा है कि कानून से कोई नहीं बच सकता; जांच जारी है और आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे भेजकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

