Jharkhand:राँची में प्रेस वार्ता कर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले,बयान पर कायम,अपने अंतर्विरोधों से गिरेगी हेमंत सरकार,राँची में हूँ दम है तो गिरफ्तार कर दिखाएं सरकार..

राँची।झारखण्ड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने रविवार को बीजेपी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि वो अपने पूर्व के बयान पर कायम हैं। हेमंत सरकार खुद के अंतर्विरोधों से गिरेगी। इस सरकार में केवल मुख्यमंत्री और मंत्रियों का सम्मान है। सत्ता पक्ष के विधायकों की कोई इज्जत नहीं है। ये विधायक जनता का कोई काम नहीं करा पाते। ऐसे में यह सरकार आपसी फूट और विरोध के कारण अपने गिर जाएगी।वहीं आज भाजपा अध्यक्ष पर हुए मुकदमे को लेकर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं जगह जगह सीएम हेमन्त सोरेन का पुतला दहन किया।कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया।

भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि सरकार का गिरना तय है। कितने महीने में सरकार गिरेगी के सवाल पर दीपक प्रकाश ने तीन उंगलियां दिखाई। उन्होंने सरकार को ललकारा कि वे सोमवार सुबह 10 बजे तक राँची में हैं। इस दौरान वे शहर में भी जाएंगे। अगर सरकार में दम है तो उन्हें गिरफ्तार करें।उन्होंने कहा सोमवार को दिल्ली जाएंगे, फिर मंगलवार को वापस लौटेंगे, उसके बाद भी सरकार उन्हें गिरफ्तार करने का मंसूबा पूरा कर सकती है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा राज्य के लोगों की अभिव्यक्ति बनी है। इस अभिव्यक्ति की आजादी रोकने के लिए हेमंत सरकार ने उन पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही पत्थलगड़ी के खिलाफ दर्ज राष्ट्रद्रोह का मुकदमा हटाने वाले तथा भीमा कोरेगांव हिंसा के आरोपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के साजिशकर्ता के साथ साठगांठ रखने और साजिश करने वाले स्टेन स्वामी को क्लीन चिट देने वालों ने माँ भारती के सेवक पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा करा दिया। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी थे।

विफलताओं से घबराई है सरकार, दोनों सीटों पर जीतेंगे एनडीए प्रत्याशी

दीपक प्रकाश ने कहा कि यह सरकार अपनी विफलताओं के कारण घबराहट में है। खुले मंच से लाठी-डंडे की बात करने वाले मुख्यमंत्री के मुंह से संवैधानिक मर्यादाओं की बात शोभा नही देती। जनहित के सवाल इन्हें अच्छे नही लग रहे। राज्य सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। दुमका और बेरमो में एनडीए के दोनों प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे।

दुष्कर्म पर एफआईआर नहीं करनेवाली पुलिस सरकार के इशारे पर नाच रही

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि संथाल में नाबालिग जनजाति लड़कियों से दुष्कर्म करने वालों के खिलाफ एफआईआर नहीं करनेवाली पुलिस सरकार के इशारे पर नाच रही है। आश्चर्यजनक तो यह है कि चंद मिनटों में ही बिना कोई छानबीन, पूछताछ किए ही, जो धाराएं आवेदन में लिखा मिला, उसे पुलिस ने दर्ज कर लिया। हेमंत सरकार के कार्यकाल में राज्य भर में कई दुष्कर्म हुए, लेकिन सरकार की तरफ से किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गयी। कार्रवाई भी हुई तो बीजेपी के दबाव में हुई। उन्होंने उदाहरण के तौर पर चाईबासा नरसंहार, गिरिडीह दुष्कर्म, सिद्धो-कानू के वंशज की हत्या, बरहेट दुष्कर्म, गढ़वा और मांडू में भी हुए दुष्कर्म का हवाला दिया।

आदिवासियों का नहीं, सिर्फ अपने परिवार का भला करने में लगे हैं मुख्यमंत्री

दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री आदिवासियों का नहीं, बल्कि सिर्फ अपने परिवार का भला करने में लगे हैं। उन्हें विधायक, राज्यसभा सांसद, लोकसभा सांसद सभी अपने ही परिवार के ही चाहिए। वे नहीं चाहते कि किसी दूसरे आदिवासी का चेहरा उनके परिवार के चेहरे के सामने आगे हो जाए। यही वजह है कि सीएम, बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनने दे रहे हैं।