गिरिडीह पुलिस ने गोलीकांड मामले में पांच आरोपी को किया गिरफ्तार,देसी पिस्टल बरामद, पारिवारिक विवाद में युवक को मारी थी गोली
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के झगरी में हुए गोलीकांड मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को दबोचा। इस दौरान देसी पिस्टल, खोखा, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।यह मामला मंगलवार की शाम झगरी निवासी खुर्शीद अंसारी को गोली लगने से संबंधित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था।तकनीकी सेल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर घेराबंदी की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी मो. जाकिर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मो. असलम मंसूरी, मो. फैयाज़ अंसारी, रुस्तम अंसारी और इरशाद अंसारी को भी पकड़ा गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो खोखा (7.65 बोर), एक देसी पिस्टल, पांच मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोली चलाने का कारण पारिवारिक विवाद प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी कहा कि गिरिडीह पुलिस आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

