गिरिडीह:एसीबी की टीम ने 4 हजार घूस लेते रंगेहाथ पंचायत सचिव को किया गिरफ्तार

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में एसीबी धनबाद की टीम ने कार्रवाई की है।टीम ने इस बार उग्रवाद प्रभावित पीरटांड़ में छापेमारी कर एक पंचायत सचिव को गिरफ्तार किया है।पकड़े गए पंचायत सचिव का नाम सहदेव महतो है जो पीरटांड प्रखंड के खरपोका में कार्यरत है।सहदेव को रिश्वत के चार हजार रुपया के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमंडलीय कार्यालय धनबाद के एसपी ने प्रेस बयान जारी कर दी है।बताया है कि खुखरा थाना इलाके के खरपोका निवासी नबीहसन ने आवेदन देकर सूचित किया था कि खरपोका पंचायत के विराजपुर टोला में सैय्यद के घर से सलमान के घर तक पैबर ब्लॉक निर्माण का कार्य 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किया गया है।यह योजना लगभग 2.40 लाख की है। इस योजना का कार्य करने के लिए अब तक 1.45 लाख रुपया का भुगतान किया गया है।शेष राशि की निकासी के लिए खरपोका के पंचायत सचिव सहदेव महतो 4 हजार रुपया की मांग कर रहा है। इस शिकायत के बाद मामले की जांच की गई।शिकायत सत्य मिलने के बाद 23 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई। 24 जनवरी को टीम पीरटांड़ पहुंची। यहां पेट्रोल पंप के विपरीत दिशा में अवस्थित झोपड़ीनुमा होटल में पंचायत सचिव सहदेव महतो द्वारा आवेदक से रिश्वत के चार हजार रुपये लिए गए, जिसे रंगे हाथ पकड़ा गया।इधर गिरफ्तार करने के बाद पंचायत सचिव सहदेव को लेकर एसीबी की टीम धनबाद चली गई।एसीबी की इस कार्रवाई के बाद पीरटांड़ ब्लॉक में हड़कंप मच गया है। यहां बता दें कि वर्ष 2023 में एसीबी ने गिरिडीह जिला में यह पहली कार्रवाई की है।इससे पहले 2022 में जिला में कई कार्रवाई की गई थी।