गढ़वा:सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को किया नाकाम,सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए कच्ची सड़क में टिफिन बम लगाया था

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले में गणतंत्र दिवस से ठीक पहले सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के बहराटोली गांव में नक्सलियों ने एक कच्ची सड़क में टिफिन बम प्लांट किया था। पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों की ओर से इलाके में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में शामिल जवानों को उड़ाने के लिए यह विस्फोटक लगाया गया था।लेकिन सुरक्षा बलों ने इसे पहले ही खोज निकला। इसके बाद बम को डिफ्यूज किया गया। इस दौरान जोरदार आवाज हुई। इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

गढ़वा के भंडरिया थाना का बूढ़ा पहाड़ इलाका नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। यहां नक्सलियों के कैप भी हैं। डीआईजी पलामू राजकुमार लाकड़ा ने बताया कि सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। बूढ़ा पहाड़ इलाके में संचालित नक्सली कैंप को नष्ट करने के लिए CRPF 172 बटालियन और झारखण्ड पुलिस के जवान तलाशी अभियान चला रहे थे। मंगलवार की सुबह सुरक्षा बलों की टीम बूढ़ा पहाड़ के पास जंगलों में पहुंची। यहां नक्सलियों ने मिट्‌टी की सड़क में बम लगाया था। सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी मिल गई।

बता दें नक्सलियों की ओर से अपने नेता किशन दा की रिहाई की मांग को लेकर प्रतिरोध दिवस मनाया जा रहा है। नक्सलियों की ओर से 21 जनवरी से 26 जनवरी तक प्रतिरोध दिवस घोषित किया गया है। 27 जनवरी को बिहार-झारखण्ड बंद का आह्वान किया गया है। इस घोषणा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हैं। राज्य के अधिकांश नक्सल प्रभावित इलाकों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं। इसी कड़ी में गढ़वा में भी अभियान चल रहा है।