कांग्रेस के दिग्गज नेता,झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हुए

राँची।देश में कई राज्यों में चुनाव होने वाले हैं।जिसमें सभी पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी है।इसी बीच कांग्रेस पार्टी से से बड़ी खबर आ गई।जिससे कांग्रेस के झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह उर्फ आरपीएन सिंह मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिये हैं।

आरपीएन सिंह 2 बार झारखण्ड के कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं।पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के बीच अच्छी पकड़ रही है। यही कारण कि वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में जेएमएम और आरजेडी के साथ गठबंधन कर कांग्रेस को 16 सीट दिलाने में कामयाब रहे हैं।पहली बार 2017 में आरपीएन सिंह को झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बनाया गया था। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में इनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में शानदार प्रदर्शन किया।पार्टी को 16 सीट मिली। वहीं, हेमंत सरकार में पार्टी के 4 विधायकों को मंत्री पद दिलाने में अहम भूमिका निभायी। इसके अलावा उनकी पहल पर जेवीएम से आये दो विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की कांग्रेस में शामिल हुए थे।राज्य में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने को देखते हुए आलाकमान ने उन्हें वर्ष 2020 में दूसरी बार प्रदेश प्रभारी का जिम्मा दिया था।

इधर, मंगलवार 25 जनवरी, 2022 की सुबह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस से इस्तीफा देने की घोषणा की। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से आरपीएन के भाजपा में जाने के कयास लगाये जा रहे थे और मंगलवार को उन्होंने इसकी पुष्टि भी कर दी। इसके कुछ समय बाद दोपहर में आरपीएन सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया।

इधर कांग्रेस से आरपीएन सिंह के इस्तीफे से झारखण्ड कांग्रेस में इसका असर दिखेगा, ऐसी चर्चा शुरू हो गयी है।वहीं, नये प्रदेश प्रभारी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा होने लगी है।ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि कई पुराने चेहरों को एक बार फिर जगह मिल सकती है। इधर, झाऱखण्ड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आरपीएन सिंह के पार्टी से इस्तीफा देने को दुखद बताया।श्री ठाकुर ने कहा कि आरपीएन सिंह का भाजपा में जाना भले ही उनका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन इस वक्त पार्टी को आरपीएन सिंह जैसे नेता की जरूरत है और इस वक्त पार्टी छोड़कर जाने का उनका निर्णय सही नहीं है। वहीं, विपक्षी नेताओं ने आरपीएन सिंह के भाजपा की सदस्यता लेने पर बधाई देते हुए कहा कि समय रहते उन्होंने अच्छा कदम उठाया है।उनका निर्णय स्वागतयोग्य है।

इधर बड़कागांव के कांग्रेस विधायक ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है।ट्विटर पर लिखी है कि “पिछले एक साल से ज्यादा से बीजेपी के साथ सांठ-गांठ कर आरपीएन सिंह जी झारखण्ड की कांग्रेस-जेएमएम सरकार को अपदस्थ कराने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व को लगातार इस बारे में आगाह भी किया गया था। इनके बीजेपी जाने से झारखण्ड का हर सच्चा कांग्रेसी खुश है।”