हजारीबाग:सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार और ट्रैक्टर पर सवार मजदूर कि मौत,दुर्घटना में ट्रैक्टर कई टुकड़ों में बंट गया

हजारीबाग।जिले के बड़कागांव प्रखंड के मोतराघाटी में सोमवार सुबह हुई एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया की इस दुर्घटना में साइकिल सवार बुजुर्ग और ट्रैक्टर सवार मजदूर की मौत हुइ। मृतकों में पंचायत के हाहे ग्राम निवासी 65 वर्षीय साइकिल सवार मुजीबुल रहमान की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं ट्रैक्टर सवार मजदूर ग्राम हाहे निवासी समीर रजा की भी मौत हुई। बताया गया कि दुर्घटना हजारीबाग से ईट खाली कर लौट रहे ट्रैक्टर की चपेट में साइकिल सवार के आ जाने से हुई। दुर्घटना के बाद घाटी के ढलान में कई बार पलट कर ट्रैक्टर दस टुकड़े में बंट गया। वहीं साइकिल सवार पत्थर पर वह कुछ इस तरह गिरकर दबा की उसका सर और दोनों पैर एक जगह आ गए।

मिली जानकारी के अनुसार मुजीबुल अपनी बेटी से मिलने के बाद साइकिल से घर आ रहा था कि अचानक मौतरा घाटी मोड़ के ढलान में वह ट्रैक्टर के चपेट में आ गया। वहीं ट्रैक्टर पर सवार मजदूर घाटी में दूर तक फेंका गया।बताया जाता है कि साइकिल सवार को बचाने में ट्रैक्टर करीब दस पलटनिया खा गयी और उसके इंजन व ट्रेलर टुकड़े में बंट गया। हालांकि इस घटना में आश्चर्यजनक रुप से ट्रैक्टर चालक की जान बच गयी और उसे हल्की चोट आयी। घटना के बाद जबतक प्रत्यक्षदर्शी साइकिल सवार को देखते चालक फरार हो गया। इधर सूचना पर पहुंची बड़कागांव की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर हाहे गांव का है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। वहीं परिजनों का आवेदन का इतंजार किया जा रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मुजीबुल के आधा दर्जन बच्चे है। सुबह करीब दस बजे वह बेटी के घर से निकला था, इस बीच मोतराघाटी में कोहरा में ट्रैक्टर चालक साइकिल सवार को नहीं देख सका। अचानक मोड़ में साइकिल सवार को देखकर वह तेज ब्रेक लगा दिया। इससे ट्रैक्टर पलट गया और सवार को अपने चपेट में लेते हुए कई राउंड पलट गयी।