जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान डूबे पांच बच्चे, लोगों ने 3 को बचाया, 2 बच्चों की अबतक सुराग नहीं

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में आज जितिया पर्व के दिन बेहद दुखद घटना घट गई। साकची थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी में पांच स्कूली बच्चे नहाने के लिए गए थे। पांचो बच्चे नहाने के क्रम मे डूब गए। बच्चों को डूबते देख आसपास के लोगों की मदद से तीन बच्चों को बचा लिया गया। वहीं नदी में पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण दो बच्चे डूब गए। नदी में दो बच्चों के डूबने की खबर से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। जिउतिया पर्व के दिन नदी में दो बच्चों के डूबने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बच्चों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय साकची थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोर की टीम को खोजबीन करने को कहा। 

मिली जानकारी के अनुसार पांचों बच्चे जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से 4 बच्चे स्कूली छात्र हैं, जबकि पांचवां बच्चा कहीं काम करता है। बच्चों ने पुलिस को दिए बयान में बताया वे दो मोटरसाइकिल से नदी में नहाने निकले थे. पहले सोनारी दोमुहानी नदी में नहाने गए, फिर वहां से फिर मानगो नदी घाट में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अमन और सुमन नाम के दो बच्चे गहरे पानी में उतरते ही बहने लगे। उन्हें बहता देख अन्य तीनों ने बचाने का प्रयास किया, जिसके बाद सभी डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने नदी में कूदकर तीन लोगों को तो बचा लिया, लेकिन अमन और सुमन नदी में बह गए। दोनों बच्चों के परिवार को जब घटना की सूचना मिली तो परिजन दौड़े-दौड़े घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमन के पिता धनबाद में रेलवे के एएसआई हैं। वहीं सुमन के पिता शिक्षक हैं। गोताखोरों की टीम दोनों की तलाश कर रही है।