देवघर:पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़,दो पुलिस जवान शहीद,बाल-बाल बचे थानेदार,दो गिरफ्तार..

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दो पुलिस के जवान शहीद हो गए।यह घटना शनिवार की देर रात जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित श्याम गंज रोड अंडा पट्टी मोहल्ले में हुई है।जहां मछली व्यवसाई सुधाकर झा की सुरक्षा में लगे दो पुलिस जवान अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गये।घटना नगर थाने से 500 मीटर की दूरी पर हुई है।शहीद हुए दोनों जवान साहिबगंज जिला के रहने वाले रवि कुमार मिश्रा और संतोष यादव है।बताया जाता है कि कुछ दिनों पहले पुराने विवाद में सुधाकर झा के मुंशी पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद उन्होंने एसपी से सुरक्षा गार्ड की मांग की थी और दोनों पुलिस जवानों को उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था।

जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर रात अपराधियों ने सुधाकर झा पर घर में हमला किया,जिसके बाद दोनों जवानों से अपराधियों की मुठभेड़ हुई।इसी दौरान गोली लगने से दोनों पुलिस जवानों की मौत हो गयी।मुठभेड़ के दौरान तलवारबाजी भी हुई है।मृतक दोनों पुलिस जवान सिविल ड्रेस में थे।घटना कि सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी केके साहू कुशवाहा पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान अपराधियों ने थाना प्रभारी की गाड़ी पर भी फायरिंग फायरिंग की। इस घटना में थाना प्रभारी भी बाल-बाल बच गये. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए दो अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक अपराधी भी बुरी तरह घायल है, उसके हाथ तलवार से कट गए थे।। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे. हिरासत में लिए गए दोनों अपराधी से पूछताछ की जा रही है।

इधर सूचना मिलने पर सुबह संताल परगना के डीआइजी सुदर्शन मंडल भी देवघर पहुंच गए। उन्होंने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। दोनों आरक्षी की मौत बदमाशों की गोली या फिर पुलिस की गोली से हुई है, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की सघन जांच की जा रही है।डीआइजी ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच करने के बाद पता चला कि गोली लगने से दो आरक्षी की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सुधाकर झा और पप्पू सिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पप्पू सिंह पहले भी जेल गया है। थाना प्रभारी की गाड़ी पर गोली चलाए जाने की बात के बारे में पूछे जाने पर डीआइजी ने कहा कि अभी ये जांच का विषय है।