स्कूल के नाम पर 5.24 लाख रुपए का इलेक्ट्रानिक उपकरण खरीद हो गया फरार,धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज

राँची।स्कूल के नाम पर 5.24 लाख रुपए इलेक्ट्रानिक उपकरण खरीद बिना पैसे दिए ठगी कर फरार होने का मामला धुर्वा थाना में शुक्रवार को दर्ज हुआ है। प्राथमिकी शिव मंदिर दुर्गा मंदिर लेन रातू रोड निवासी अभिषेक चौधरी ने धुर्वा निवासी संतोष दीक्षित के विरुद्ध दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार एक अखबार में कुछ दिन पहले विज्ञापन निकला था। उसी विज्ञापन के सिलसिले में अभिषेक चौधरी की मुलाकात धुर्वा निवासी संतोष दीक्षित से हुई। संतोष दीक्षित ने उन्हें बताया कि वह बच्चों का एक स्कूल खोल रहा है। उसके लिए उसे इलेक्ट्रानिक उपकरण चाहिए। इसके बाद अभिषेक चौधरी ने उसे कोटेशन भेजा। संतोष दीक्षित पर भरोसा करते हुए अभिषेक चौधरी ने उसे 5.24 लाख का सामान 15 दिन के अंदर भेज दिया। शुरुआत में संतोष दीक्षित ने भरोसा जितने के लिए 22 हजार रुपए एडवांस के रूप में अभिषेक चौधरी को दिए थे। लेकिन सामान लेने के बाद जब अभिषेक चौधरी ने उससे अपने पैसे की मांग की तो वह टाल मटोल करने लगा। लगातार टाल मटोल करने पर अभिषेक चौधरी को शंका हुआ। वह उसके घर पैसे मांगने के लिए गए तो पाया कि वह घर आ ही नहीं रहा है। उसने अपना फोन भी स्विच आफ कर लिया। यहीं नहीं पता लगाने पर अभिषेक चौधरी को जानकारी मिली कि उसने सारा सामान किसी और व्यक्ति को बेच दिया। इसके बाद अभिषेक चौधरी ने उसके विरुद्ध धुर्वा थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।