दुमका:बासुकिनाथ मेला ड्यूटी पर निकलते ही पुलिसकर्मियों की बाइक बनी आग का गोला, बाल-बाल बची जान

दुमका। श्रावणी मेला ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मियों की जान उस वक्त बाल-बाल बच गई, जब उनकी बाइक अचानक चलते-चलते आग का गोला बन गई। यह घटना बुधवार को दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर बाबूपुर के समीप हुई, जहां कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी सुनील सोरेन अपने एक साथी के साथ पल्सर बाइक से बासुकिनाथ में श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। बाबूपुर के पास पहुंचते ही बाइक से पहले धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें तेज लपटें उठने लगीं।स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने तुरंत बाइक रोककर छलांग लगा दी। उनकी सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि बाइक को बचाया नहीं जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।

error: Content is protected !!