दुमका:अपराधियों ने कार समेत व्यक्ति को जला दिया,पुलिस छानबीन में जुटी है

दुमका।झारखण्ड में दुमका मसलिया प्रखंड के टोंगरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार की देर रात महिषामांगुर जंगल के निकट एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक व्यक्ति समेत वाहन आग के हवाले कर दिया है। वहीं छानबीन में मृतक की पहचान जामताड़ा के कुंडहित थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव निवासी काजल मंडल के रूप में हुई है।मिली जानकारी के मुताबिक मृतक अपनी कार से इस रास्ते से होकर राजनगर जा रहा था। इसी दौरान करीब रात के 10 बजे अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

इस सम्बंध में मंगलवार को दुमका के डीएसपी विजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। डीएसपी ने कहा कि घटना स्थल की मुआयना व छानबीन के बाद अब तक जो बातें सामने आई हैं उससे ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों ने पहले गाड़ी को रोक कर मृतक काजल को जबरन उतारा और फिर सड़क के बाईं ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी है।इसके बाद फिर से उसे कार में ले जाकर कार को आग के हवाले कर दिया है। कहा कि घटनास्थल पर रक्त के धब्बों के अलावा दो अलग-अलग साइज का चप्पल व रबड़ की रस्सी मिली है। संभवत: इसी रबड़ की रस्सी से गला घोंटकर काजल की हत्या किया गया है। पुलिस मृतक का मोबाइल भी ढूंढने का प्रयास कर रही है लेकिन मोबाइल घटनास्थल से बरामद नहीं हो सका है। इससे यह संदेह पुख्ता हो रहा है कि आगलगी की घटना कार में शाट सर्किट से नहीं हुई होगी। कहा कि फिलहाल पुलिस तमाम बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। कहा कि छानबीन व घटना की तह तक पहुंचने के लिए घटनास्थल पर खोजी कुत्ता को भी लगाया गया है।

इधर मृतक की पत्नी स्वीटी देवी के मुताबिक उसके पति काजल से शाम के सात से आठ बजे के बीच मोबाइल पर बातचीत हुई थी। कहा कि बातचीत के क्रम में उन्होंने शीघ्र घर पहुंचने की जानकारी दिया था। कहा था कि वह रास्ते में है और आधे घंटे में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद रात नौ बजे के बाद उसका मोबाइल स्विच आफ मिलने लगा और जब उसकी खोजबीन शुरू हुई तो किसी चालक ने बताया कि एक कार महिषामांगुर जंगल के निकट जल रही है। इसके बाद कार नंबर से यह स्पष्ट हो गया कि वह काजल मंडल की कार है। घटनास्थल से मृतक के घर की दूरी महज दो से ढ़ाई किलोमीटर है। सूचना के बाद देर रात ही परिजन घटना स्थल पर पहुंच कर इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि पुलिस मौके पर सुबह पहुंची। परिजनों के मुताबिक मृतक काजल प्रतिदिन किराया पर कार से सवारी को राजनगर समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचाने का काम करता था। पुलिस छानबीन में जुटी है।