डांसर ने मनपसंद गाने पर नहीं किया डांस तो दूल्हे के भाई ने गोली मारकर कर दी हत्या…..

डेस्क टीम:बिहार के सुपौल में बारात के दौरान डांसर ने मनपसंद गाने पर डांस नहीं किया तो दूल्हे के भाई ने डांसर को गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी। इससे डांसर की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की घटना के बाद से आरोपी फरार है।यह घटना जिले के मरौना थाना क्षेत्र के कुआ टोला की है। आरोपी युवक का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में मेल डांसर डांस कर रहा है।आरोपी युवक अपने एक दोस्त के साथ सड़क पर नाच रहा है। उसके हाथ में अवैध हथियार दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दूल्हे के भाई ने डांसर को भोजपुरी गाने पर डांस करने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इससे नाराज होकर गोली मार दी।मृतक की पहचान तेतरियाही गांव के रहने वाले सुभाष यादव (30) के रूप में की गई है। आरोपी युवक का नाम विपिन कुमार (20) है। बारात मंगासिहौल गांव से दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के नगमा गांव जा रही थी। मृतक के परिजन ने बताया कि मटकोर के दिन में विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि मटकोर की रस्म चल रही थी। इस दौरान भी कुछ बात को लेकर विपिन और सुभाष के बीच कहासुनी हुई थी।

इधर हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने मरौना-निर्मली मेन रोड जाम कर दिया। डांसर के शव को सड़क पर रखकर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पर मरौना थाने की पुलिस पहुंची। गुस्साए लोगों को शांत कराने के बाद जाम हटाया। वहीं थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी युवक फरार है। गिरफ्तार को लेकर विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।