चक्रवाती तूफान यास: गुमला जिले में भारी बारिश से कई घर ध्वस्त, नदी का डायवर्सन बहा, खेत जलमग्न

गुमला। जिले में चक्रवात तूफान यास के कारण लोगों पर काफी प्रभाव पड़ा है।यहाँ दो दिनों से लगातार वर्षा हो रही है। जिले में यास तूफान को लिए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। लोग घरों में दुबके हैं। दुकानों बंद कर दी गई है। वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एनडीआरएफ की पूरी एक बटालियन पटना से गुमला पहुंची है।टीम तूफान से सम्भावित खतरों से निबटने को लेकर मुस्तैद है। वहीं ग्रामीणों क्षेत्रों में चक्रवात ने कोहराम मचाया हुआ है। विद्युत व्यवस्था ठप है। गुरुवार को भी सुबह से शाम तक लगातार वर्षा होती रही। गांवों में खेत वर्षा के कारण खेत जलमग्न हो गया। वहीं भारी बारिश के कारण ही अ‌र्द्धनिर्मित बाईपास रोड में नदीटोली के पास बने अस्थायी डायवर्सन बारिश के पानी के तेज प्रवाह से बह गया। बारिश के कारण बाईपास निर्माण काम काम को रोक दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के लगभग सभी खेत जल मग्न हो गए हैं। लगातार हो रही वर्षा के कारण लोग घर से नहीं निकल रहे हैं। जिस कारण सड़कों में विरानी छायी हुई है। शहरी क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों में बहने लगा है। नालियों का कचड़ा सड़कों में पसर गया है। कुम्हारटोली, डीएसपी रोड, करमटोली रोड सहित जगह-जगह जल जमाव के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है। लाकडाउन के साथ-साथ लगातार हो रही वर्षा के कारण बस स्टैंड और शहर के सभी मुख्य मार्गों में विरानी छायी हुई है।

इधर चैनपुर के सफी नदी में बनाया गया डायवर्सन टूट गया है। सफी नदी में पुल निर्माण का कार्य चल रहा है लोगों के आने जाने के लिए डायवर्सन बनाया गया है जो गुरुवार को बीच में टूट कर बह गया। जिससे लोगों को आवागमन परेशानी हो रही है। डायवर्सन बहने से कुरुमगढ, मालम, मड ईकोना, तिगावल, बारडीह, बामदा, जिरमी, मनातु ग्राम के लोगों को मुख्यालय पहुंचने में दिक्कत हो रही है।

वहीं,कामडारा में लगातार हो रही वर्षा और तेज हवा के कारण गुरुवार को कोंसा पंचायत के अरहरा करंजटोली में साहूल बरला का मकान ढह गया। साहुल का कहना है कि बुधवार से ही लगातार वर्षा हो रही है। जोरदार वर्षा के कारण उसके मकान का एक भाग का दीवार ढह गया। जिस भाग का दीवार गिर गया है उधर तिरपाल लगाकर मकान को सुरक्षित किया है। सीओ दिप्ती प्रीति कुजूर को घटना की सूचना मिलने के पर अरहरा के राशन डीलर से प्रभावित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

तूफान का असर यहां भी पड़ा है बसिया में तेज हवा और बारिश से बुधवार रात कुम्हारी झापाटोली गांव निवासी बिसुन उरांव के मकान पर पेड़ गिर गई। प्रशासन ने बिसुन उरांव के परिवार को सुरक्षित गांव के ही विद्यालय भवन में शिफ्ट कर दिया। उन्हें आपदा राहत किट के साथ साथ चावल भी दिया गया। परिवार में कुल सदस्य हैं। दूसरी ओर चिन्तमन कुरा गांव निवासी अधिनपाल सिंह के मकान का दीवार गिर गई। इससे परिवारजनों को रहने में काफी असुविधा हो रही है। इस पर अधिनपाल सिंह ने प्रशासन से मकान मरम्मत लिए मुआवजा की मांग की है।

वहीं,पालकोट प्रखंड इलाके के तपकरा पंचायत के बरडीह निवासी सपील सिंह के कच्चे मकान का एक हिस्सा ढह गया है। इसकी जानकारी होने पर मुखिया जागेश्वर बड़ाइक घटनास्थल पहुंचे। मुखिया ने सहयोग कर सपील सिंह तीस किलो चावल, 2 किलो चूड़ा, एक किलो दाल दिया गया।