दुष्कर्म का विरोध करने पर मौसेरी बहन की गला दबाकर हत्या,दोनों मौसेरे भाई गिरफ्तार….

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिला में बसंतराय थाना क्षेत्र के खलिहान में रविवार को लड़की का शव बरामदगी मामले का गोड्डा पुलिस ने खुलासा कर दिया है पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की विस्तार से जानकारी दी।

मौसेरी बहन से आरोपियों ने किया था दुष्कर्म का प्रयास

दरअसल, दोनों युवक अपनी मौसेरी बहन के घर ठहरे हुए थे। 29 मार्च की रात में आरोपियों ने मौसेरी बहन के घर में पार्टी भी की।इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर खलिहान की ओर ले गए। इसके बाद बहन के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।लड़की ने जब इसका विरोध किया तो मौसेरे भाईयों ने मिलकर लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसके शव को खेत में पुआल से ढक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौसेरी बहन के घर पर जाकर सो गए।बाद में सुबह उठकर दोनों फरार हो गए।

खलिहान से लड़की का शव बरामद होने के बाद मामले में गोड्डा एसपी नाथु सिंह मीणा ने एसआईटी गठित की थी।पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की और हत्याकांड से पर्दा उठा दिया।गिरफ्तार युवक बिहार के भगालपुर जिला के रहने वाले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि एसडीपीओ जेपीएन चौधरी ने की है। उन्होंने बताया कि महज 24 घंटे में पुलिस ने घटना का उद्भेदन कर लिया है। दोनों आरोपी मृतक लड़की के मौसेरे भाई हैं।

error: Content is protected !!