पहले ब्राम्बे अब बेड़ो से नकली नोट छापने वाला धराया, नोट छापने की मशीन कडरू से बरामद

राँची। राँची बेड़ो (लापुंग)थाना पुलिस ने लालगंज साप्ताहिक बाजार से एक युवक को नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम मनोज उरांव उर्फ सोमरा शामिल हैं। आरोपी ने पुलिस को अपनी पहचान पिता- मंगरा उरांव पता चचकोपी थाना बेड़ो राँची बतलाया। गिरफ्तार किए गए मनोज उरांव के पास से असली नोट 6710, 200 का नकली नोट 3800 रुपये, एक बाइक और एक जाली नोट छापने का प्रिंटर और अन्य सामान बरामद किये गये हैं। ग्रामीण एसपी त्रषभ ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लालगंज साप्ताहिक बाजार से एक व्यक्ति नकली नोट से सामान खरीद बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

कडरू हज हाउस के पास से नोट छापने की मशीन बरामद

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए मनोज उरांव के निशानदेही पर कडरू हज हाउस तालाब के पीछे किराये के मकान से नोट बनाने का रंगीन प्रिंटर मशीन और अन्य सामान बरामद किया गया।

कुछ दिन पूर्व ब्राम्बे से भी नकली नोटों और प्रिंटर के साथ धराया था एक फर्जी चिकित्सक

कुछ दिन पहले राँची के मांडर थाना क्षेत्र के ब्राम्बे में छापामारी कर पुलिस ने नकली नोट छापने की मशीन व नकली नोट के साथ फर्जी चिकित्सक मो० आसिफ उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार फर्जी चिकित्सक आसिफ अपने सेंटर में लैपटॉप प्रिंटर फोटो इस्केनर के सहारे 500, 200 और 100 के नोट छापने का काम करता था, और नकली नोट स्थानीय बाजार में खपाता था।