CoronaVirus in India:भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 70,496 नए मामले सामने आए,964 मौतें हुईं।

नई दिल्ली।भारत में कोविड-19 के मामले 69 लाख के पार है।शुक्रवार को जारी रिपोर्ट अनुसार एक दिन में 70,496 नए मामले सामने आए। लेकिन अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 59 लाख के पार है। और जांच में तेजी आई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 964 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,06,490 हो गई है।देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 69,06,152 हो गए हैं, जिनमें से 8,93,592 लोगों का उपचार चल रहा है और 59,06,070 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

देश में अब हर रोज कोरोना के 70 से 80 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। यही रफ्तार रही तो नवंबर के पहले हफ्ते में भारत दुनिया का सबसे ज्यादा संक्रमण वाला देश हो जाएगा। मौजूदा केस की संख्या के अनुसार 7 नवंबर तक देश में 91 लाख 70 हजार से ज्यादा मामले होंगे, जबकि अमेरिका हर रोज 40 से 45 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। इस लिहाज से यहां 7 नवंबर तक 91 लाख 40 हजार केस होंगे।

राहत:भारत के लिए अच्छी बात है कि रोजाना बढ़ने वाले केस में करीब 30 से 35 हजार की कमी आई है। एक समय था जब हर दिन 90 से 97 हजार मामले सामने आ रहे थे। अब यह घटकर 70 से 80 हजार हो गए हैं। यही नहीं एक्टिव केस भी पिछले दो हफ्ते से लगातार कम हो रहे हैं। 17 सितंबर को देश में 10.17 लाख एक्टिव केस हो गए थे जो अब घटकर 8.93 लाख रह गए हैं। मौत की रफ्तार में भी कमी देखी गई है। पिछले एक हफ्ते से लगातार एक हजार से कम मौतें हो रहीं हैं। यह भी देश के लिए एक अच्छा संकेत है।