चतरा विमान हादसा:परिजनों की दहाड़ से अस्पताल परिसर का माहौल रहा गमगीन,पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा..
चतरा।झारखण्ड में चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कासियातु के करमटांड़ जंगल में विमान हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के शव मंगलवार की सुबह सदर अस्पताल चतरा लाया गया। अस्पताल में शव के लाते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया।एंबुलेंस से एक के बाद एक शव पहुंचने के बाद सभी को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया। शव देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।पूरा अस्पताल परिसर लोगों से भरा रहा। वहीं मृतक के परिजनों की चीख पुकार से पूरा अस्पताल परिसर गूंजता रहा।उपायुक्त कीर्तिश्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल परिजनों को ढांढ़स बंधाते रहे।
विमान हादसे में मारे गये सभी सात लोगों के शवों का पोस्टमार्टम मेडिकल टीम के द्वारा किया गयाम टीम में शामिल मजिस्ट्रेट चतरा सीओ अनिल कुमार की उपस्थिति में चिकित्सकों ने बारी-बारी से सभी शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी की गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।मेडिकल टीम में मजिस्ट्रेट के अलावा अस्पताल उपाधीक्षक डॉ पंकज कुमार, डॉ अजहर और डॉ कुमार उत्तम शामिल थे।
एयर एंबुलेंस क्रैश में मारे गए लातेहार के संजय साव ने अपने इलाज के लिए लाखों रुपये उधार लिए थे। मृतक के भाई विजय साव ने बताया कि इलाज के लिए अपने पड़ोसी से मदद के रूप में आठ लाख रुपए लिए हैं। अब संजय की जान भी नहीं बची और इतने पैसे की देनदारी हो गई।मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

