लातेहार:10 लाख इनामी व चार पुलिसकर्मियों का हत्यारा जोनल कमांडर नक्सली मुनेश्वर गिरफ्तार

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस ने भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर मुनेश्वर गंझु को गिरफ्तार कर लिया है।मुनेश्वर पर चार पुलिसकर्मियों के हत्याकांड में शामिल होने का भी आरोप है। पुलिस ने इस पर 10 लाख रुपए इनाम घोषित कर रखा है।इस पर राँची,लातेहार और लोहरदगा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 78 से अधिक मामले दर्ज हैं। गत 23 नवंबर 2019 को भाकपा माओवादियों ने चंदवा थाना क्षेत्र के लुकुइया मोड़ के पास पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया था। इस घटना में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। माओवादियों के हमलावर दस्ते में मुनेश्वर भी शामिल था।

बताया जाता है कि लातेहार एसपी अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी का एक दस्ता रविंद्र गंझु के नेतृत्व में चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मडमा गांव के निकट देखा गया।पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं।इस सूचना के बाद छापामारी दल का गठन कर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की गई। जिसका नेतृत्व एएसपी संतोष कुमार मिश्र और इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता ने किया।छापामारी के दौरान पुलिस ने चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला गांव के पास से मुनेश्वर गंझू को पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से 53 हजार रुपए भी बरामद किए।

गिरफ्तार माओवादी सब जोनल कमांडर मुनेश्वर पर कई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 78 से अधिक मामले दर्ज हैं। मुनेश्वर लातेहार और लोहरदगा जिले में सक्रिय था और विभिन्न अपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।मुनेश्वर नक्सली कमांडर रविंद्र का दाहिना हाथ समझा जाता था।इसकी गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है।