राजधानी में डायन बिसाही का मामला:पति की हत्या के बाद अकेली महिला को प्रताड़ित करने का आरोप,तुपुदाना ओपी में छह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

राँची।ग्रामीण क्षेत्रों में डायन बिसाही का मामला सुनने को मिलता है, लेकिन शहर में अगर मामला प्रकाश में आए तो किसी को भी आश्चर्य हो सकता है। तुपुदाना ओपी में डायन बिसाही का मामला दर्ज हुआ है। ब्रिजफोर्ड स्कूल तुपुदाना के समीप रहने वाली डेजी शाहदेव ने छह लोगो के विरुद्ध डायन बिसाही, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है उनमें गीता शाहदेव, रिया शाहदेव, जिया शाहदेव, संतोष प्रजापति, विनोदिनी देवी और सच्ची शेखर शामिल है। इनपर डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 झारखण्ड़ की धारा तीन व चार के अलावा मारपीट की धारा 341, 323, चोरी 379, छेड़खानी 354 व 427, 504, 506 के तहत मामला दर्ज हुआ है।

पति की तरह ही मिलती है जान से मरवाने की धमकी

डेजी शाहदेव (42) का आरोप है कि उनके पति मुराली लाल शाहदेव की हत्या अपराधियों ने 2012 में कर दी थी। उसके बाद से ही वह बेसहारा है। आरोप है कि सभी उन्हें डायन बिसाही बोलकर लगातार प्रताड़ित करते है। वहीं आरोपी संतोष प्रजापति उनके घर में आकर जबरन उनसे अश्लील बातें करते है। 16 जून को दिन के 11.30 बजे वह अपने घर में थी। आरोपियों ने इनके साथ मारपीट की। गाली गलौज किया। फिर जान से मारने की धमकी दी और घर से सारा सामान निकाल फेंक दिया। सभी ने कहा कि घर छोड़ कर भाग जाओ, नहीं तो तुम्हें भी मार कर फेंक देंगे। उन्हें धमकी दी गई की जिस तरह से तुम्हारे पति की हत्या कराई गई है उसी तरह तुम्हें भी मरवा दिया जाएगा। आरोप यह भी है कि मारपीट के बाद इन लोगो ने उनके घर से 20 हजार रुपए की चोरी कर ली और घर में रखे सामान क्षतिग्रस्त कर दिए। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले की जांच के लिए दारोगा राजेश्वर चौधरी को अनुसंधान पदाधिकारी बनाया गया है।