प्रेम-कहानी का खूनी अंत:पति की मौत,पत्नी व साली घायल, एक साल भी नहीं चला प्रेम-विवाह,पति-पत्नी के बीच हो गई चाकूबाजी..

झारखण्ड न्यूज,राँची।झारखण्ड के बोकारो के चंद्रपुरा से प्रेम कहानी का अंत खूनी संघर्ष से अंत होने की घटना सामने आई है।साथ में जीने-मरने की कसम खाकर गत वर्ष मई माह में प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी जोड़े का वैवाहिक संबंध एक वर्ष भी नहीं चल सका। अभी शादी की सालगिरह भी पूरा नहीं हुआ कि दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद भी ऐसा कि पति-पत्नी के बीच चाकूबाजी की घटना हो गई।जहां पति के हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं पत्नी के हमले में पति की मौत हो गई।मामला बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के वेलफेयर सेंटर के निकट बस्ती का है।

बताया गया कि चंद्रपुरा स्टेशन रोड निवासी स्व रामेश्वर साव के पुत्र कृष्णा ने गत वर्ष मई माह में वेलफेयर सेन्टर के निकट बस्ती में रहने वाली आरएन शर्मा की बेटी ममता से प्रेम विवाह किया। तब से दोनों साथ में रह रहे थे।बुधवार की शाम दोनों पति-पत्नी में विवाद हुआ। इसके बाद नाराज होकर ममता अपने पिता के घर चली आई। पत्नी के इस प्रकार मायके आने से नाराज कृष्णा गुरुवार की सुबह दस बजे पत्नी ममता के घर आया। यहां दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद कृष्णा यह कहकर चला गया कि लौटकर आने के बाद बताएगा। कुछ देर के बाद वह आया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई चाकू की घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव की घटना में ममता की बहन चित्रलेखा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तीन घायलों को डीवीसी अस्पताल भेजा गया। रास्तें में कृष्णा की मौत हो गई। जबकि कृष्णा की पत्नी ममता व साली चित्रलेखा को बीजीएच रेफर कर दिया गया। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। चंद्रपुरा थाना पुलिस ने मृतक कृष्णा साव के शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा उसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

परिजनों ने लगाया कृष्णा पर आरोप

ममता के पिता आरएन शर्मा ने बताया कि कृष्णा ममता से पैसा लाने की बात कहता था। जब वह इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट करता था। बुधवार को भी कृष्णा ने पैसे की मांग को लेकर मारपीट किया। जिससे ममता जान बचाने के लिए मायके आ गई। इस पर भी कृष्णा नहीं माना सुबह पहुंचकर गाली -गलौज व मारपीट करने लगा। थोड़ी देर बाद चाकू लेकर पहुंचा और हमला कर दिया। चाकू बाजी के दौरान बीच-बचाव के क्रम में उसे चोट लगी और अत्यधिक रक्तश्राव से उसकी मौत हो गई। वहीं कृष्णा की माँ का आरोप है कि उसके बेटे को घर पर बुलाकर परिवार के सदस्यों ने उसकी हत्या कर दिया। पुलिस से उसे न्याय की उम्मीद है।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटनास्थल से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार को जब्त कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।–नूतन मोदी, चंद्रपुरा थाना प्रभारी