गुमला:तेज रफ्तार में पेड़ से बाइक टकरा गई,बाइक सवार दो भाइयों की मौत

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में गुमला-रायडीह के बीच जोड़ा जाम के समीप एक पेड़ से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। बाइक के टकराने से घटनास्थल पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की मौत रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई। बताया गया कि घटना शुक्रवार की दोपहर की है। लौकी जगमाई निवासी रंथू उरांव और महादेव उरांव दोनों गुरुवार को ही हिमाचल प्रदेश से लौटे थे और शुक्रवार को रंथू अपनी माँ से मिलने के लिए अपने चचेरे भाई महादेव उरांव के साथ गुमला आ रहा था। मृतक रंथू की मां पुगू नवाटोली में किराए के मकान पर रह कर काम करती है। हिमाचल प्रदेश से लौटने पर परिवार के सदस्य काफी खुश थे। माँ को भी पुत्र का इंतजार था। माँ से मिलने के लिए आने के दौरान जोड़ा जाम के समीप बाइक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई।बताया गया कि घायल दोनों युवकों को गश्ती पुलिस ने अपने वाहन से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने रंथू उरांव को मृत घोषित कर दिया और गंभीर स्थिति को देखते हुए महादेव को रिम्स रेफर कर दिया था। रिम्स ले जाने के दौरान एंबुलेंस में ही महादेव की मृत्यु हो गई। एंबुलेस चालक मृतक महादेव को वापस सदर अस्पताल पहुंचा दिया। दोनों युवक हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम करते थे। गुमला लौटने के बाद वे लोग अपनी माँ से मिलने के लिए जा रहे थे।इसी बीच दुर्घटना हुई है।