बिहार:तेज रफ्तार में स्कार्पियो ने महिलाओं को रौंदा,चार की मौत,सभी महिलाएं सुबह टहलने के लिए निकली थी,ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

पटना।बिहार के भोजपुर (आरा) जिले के पीरो में शुक्रवार की सुबह सुबह बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है।बताया जा रहा है कि जिले के पीरो थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवचंदा पुल के समीप बिहियां – बिहटा स्टेट हाइवे पर अनियंत्रित स्कार्पियो ने चार महिलाओं को रौंद दिया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्‍कार्पियो इतनी तेज रफ्तार में थी कि इन महिलाओं को कुचलते हुए आगे बढ़ी कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स हुआ है कि महिलाओं के शव वाहन की टक्‍कर से उड़कर कई फीट दूर खेत में जा गिरे थे। मरने वाली महिलाओं की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटनास्‍थल पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर गए और बिहियां-बिहटा हाइवे को जाम कर दिया। यह हादसा सुबह पांच बजे के आसपास हुआ है। मरने वाली सभी महिलाएं ओझवलिया और आसपास के गांव की बताई जाती हैं। कुछ लोग इस हादसे में घायल भी हुए हैं।

सुबह पहर टहलने निकली थीं महिलाएं, तभी हुआ हादसा

बताया जाता है कि ओझवलिया सहित अन्य गांवों के लोग मार्निंग वाक के लिए प्रतिदिन देवचंदा पुल की तरफ जाते हैं। इनमें महिलाओं की तादाद काफी रहती है। शुक्रवार की अहले सुबह उक्त चारों महिलाएं भी टहलने निकली थीं। इसी दौरान पीरो की ओर से जा रही स्कार्पियो ने चारों महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चारों ने दम तोड़ दिया।

इधर, दुर्घटना के बाद आसपास के गांवों के ग्रामीण जुट और हो-हंगामा करना शुरू दिया। बिहियां-बिहटा को जाम कर दिया, जिससे वाहनों का परिचालन अवरुद्ध हो गया। इधर, सूचना मिलने पर पीरो थाना पुलिस भी वहां पहुंच गई। पीरो सहित आसपास के थानों की पुलिस कैंप कर रही है। गिरफ्तारी व मुआवजा की मांग की जा रही है। इस दौरान मौके पर भीड़ लगी रही।खबर लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं हटा था।