गजबे है बिहार पुलिस के DIG मैडम;होमगार्ड के जवानों ने लगाए आरोप,खाना बनवाती थीं..जुर्माने में लिया था चिकन-चावल,नाइटी खो गई तो नई मंगवाई……

पटना।बिहार में इन दिनों दो महिला आईपीएस अधिकारी मीडिया में छाई हुई हैं। इधर होमगार्ड के जवानों ने कहा DIG मैडम खाना बनवाती थीं। जुर्माने में हमसे चिकन-चावल मंगवाती थीं। एक बार उनकी नाइटी खो गई तो मुझसे नई नाइटी लाने को कहा। जब मैं लेकर आया तो लेने से मना कर दिया। ऑफिस में वो अपना कुत्ता साथ लाती थीं। कई लोगों को उसने काटा था। मैडम कहती जाओ सरकारी अस्पताल में इलाज करवा लो। मैं फोन कर देती हूं…ये आरोप होमगार्ड के जवानों ने बिहार होमगार्ड और फायर सर्विसेज की DIG अनुसूइया रणसिंह साहू पर लगाए हैं।अनुसूइया रणसिंह साहू का राज्य सरकार ने ट्रांसफर कर दिया है। उनकी पोस्टिंग सिविल डिफेंस में कर दी गई है। ट्रांसफर होते ही अब उनके प्रताड़ना से जुड़ी कहानियां बाहर आने लगी हैं।

महिला IPS अधिकारी से सिर्फ सीनियर अफसर ही नहीं, बल्कि इनके लिए काम करने वाले होमगार्ड के कई जवान मानसिक तौर पर परेशान थे। खासकर वो जवान जिनकी तैनाती इनके लोदीपुर स्थित ऑफिस और सरकारी आवास पर थी।

DIG अनुसूइया से परेशान होमगार्ड जवान अब खुलकर सामने बोलने लगे हैं। इनमें 4 ऐसे जवान हैं, जिन्होंने पिछले 3-4 दिनों के अंदर लिखित तौर पर अपने कमांडेंट से गुहार लगाई है और अपनी ड्यूटी बदलने की मांग की है। अब इनकी शिकायतों पर जल्द ही जांच शुरू होगी।

एक महीने के अंदर भरना पड़ा तीन बार जुर्माना

सूर्य देव कुमार होमगार्ड के सिपाही हैं। इसकी ड्यूटी DIG ने अपने घर पर बतौर कुक लगा रखी थी। इन्होंने अपने कमांडेंट से जो लिखित शिकायत की है, उसके बारे में जानकर आपके होश उड़ जाएंगे।उन्होंने लिखित शिकायत में कहा है कि महज एक महीने के अंदर खराब तरीके से खाना बनाने के नाम तीन बार जुर्माना भरना पड़ा। सबसे पहले 20 अगस्त को एक शीशे का कटोरा खरीद कर देना पड़ा।इतना ही नहीं 10 सितंबर को 2 किलो चिकन खरीदकर देना पड़ा। फिर 17 सितंबर को इंडिया गेट का चावल खरीद कर देना पड़ा। सिपाही को सारा सामान अपने पैसों से खरीदना पड़ा।इससे परेशान होकर उन्होंने कमांडेंट से मैडम के घर से ड्यूटी से हटाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मैडम अक्सर गाली-गलौज करती थी।होमगार्ड के सिपाही सूर्यदेव कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके साथ अक्सर गाली गलौज की जाती थी।

खरीदकर देना पड़ा टिफिन

होमगार्ड के दूसरे जवान मणिकांत कुमार हैं। ये भी कुक का काम करते थे। इनका भी आरोप है कि अक्सर जुर्माना भरना पड़ता था। एक दिन मैडम को टिफिन नहीं मिला तो जुर्माने के तौर पर अपने पैसों से टिफिन खरीदकर देना पड़ा।

मणिकांत ने लिखित शिकायत में बताया कि मैडम का सख्त निर्देश था कि मेरे घर में जो भी सामान खराब होगा या नहीं मिलेगा तो वो तुम्हें देना पड़ेगा। इस जवान ने भी कमांडेंट से DIG मैडम के घर पर लगी ड्यूटी से मुक्त करने की गुहार लगाई है।

खरीदकर लानी पड़ी नाइटी

होमगार्ड जवान धनंजय कुमार राम की मैडम के आवास पर बतौर सफाई कर्मचारी ड्यूटी लगी थी। उन्हें मैडम के कुत्ते ने काट लिया था। अपने कमांडेंट को लिखे आवेदन में उन्होंने बताया कि एक दिन मैडम के कपड़ा समेटकर रखे थे, जिसमें उनकी नाइटी नहीं मिली। इसके लिए पहले फटकार लगाई। फिर बोलीं नाइटी खरीद कर लाओ। जब नई नाइटी खरीद कर लाया तो उन्होंने लेने से मना कर दिया। इस जवान ने भी कमांडेंट से गुहार लगाई है कि मैडम के आवास की ड्यूटी से हटा दिया जाए।

हर दिन कुत्ता लेकर आती थीं मैडम

संजीव कुमार राय और मुनेश्वर चक बड़ाइक दोनों ऑफिस ड्यूटी पर थे। होमगार्ड के इन दोनों जवानों के अनुसार DIG मैडम हर दिन ऑफिस में कुत्ता लेकर आती थीं। अलग-अलग दिनों पर इन दोनों को मैडम के कुत्ते ने काट लिया था।जब मैडम से शिकायत की तो नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी दी। जवान संजीव कुमार ने मैडम की ड्यूटी से हटाकर कर डेली दूसरे के काम में लगाने की गुहार अपने कमांडेंट से की है।

नहीं हुई अनुसूइया रणसिंह साहू से बात

सामने आए इस पूरे प्रकरण में DIG अनुसूइया रणसिंह साहू से रिपोर्टर ने उनसे बात करने की कोशिश की। उनसे उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। इसके लिए उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद लिखित में सवाल मैसेज किए। इसका भी कोई जवाब नहीं आया।
साभार: