पलामू: घर पहुँचने से पहले युवक की गला रेतकर हत्या,जाँच में जुटी है पुलिस,ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला के पाटन में 26 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।यह घटना जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता गांव में हुई है। जहां गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने नारद दुबे के 26 वर्षीय पुत्र कृष्णा दुबे की गला रेत कर हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है।इधर युवक की हत्या के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर पाटन-मेदिनीनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया है।वहीं घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे।युवक की हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।सड़क जामकर ग्रामीण मृतक के परिजन को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

घात लगाए अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय कृष्णा दुबे गुरुवार की सुबह घर आ रहा था।इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने महिंद्रा मोड़ के आसपास हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने छापामारी अभियान शुरू कर दिया है। खबर लिखे जाने तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया

ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से एसपी चंदन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि कृष्णा दुबे सूरत में रहकर काम करता था। वहां से छुट्टी लेकर वह अपने घर लौट रहा था। पलामू एक्सप्रेस से डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर उतरा था और वहां से गुरुवार की अहले सुबह अपने घर जाने के लिए चला था।बरसाइता में महिंद्रा मोड़ के पास ऑटो से उतरने के बाद पैदल अपने गांव की ओर मुड़ा, इसी क्रम में अपराधियों ने उसे कब्जे में लिया और गला रेत कर हत्या कर दी।

बच्चे के सामने हुई हत्या

बताय जा रहा है कि कृष्णा दुबे की हत्या उसके घर के 8 वर्षीय बच्चे के सामने हुई।बच्चा कृष्णा दुबे को लेने के लिए मौके पर पहुंचा था।बच्चे के अनुसार अपराधियों की संख्या 3 थी और उन्होंने अपना चेहरा ढक रखा था. कृष्णा दुबे को देखकर अचानक सड़क पर आए और कब्जे में ले लिया।बच्चे के अनुसार हत्या करने से पहले कृष्णा दुबे के पैर में गोली भी मारी गई।बाद में तेज धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया।पुलिस बच्चे से अपराधियों का हुलिया सहित अन्य मामलों की जानकारी ले रही है। इस घटना से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है।गांव में मातम पसरा हुआ है।इधर कृष्णा दुबे के पिता नारद ने इस घटना के पीछे जमीन विवाद बताते हुए गोतिया परिवार के भाई का हाथ बताया है।