Ranchi: पुंदाग में हथियारबंद अपराधियों ने पेट्रोल पंप से 59 हजार लुटा..पूरी घटना सीसीटीवी में कैद..

 

राँची।राजधानी राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित साहु चौक के पास रविवार रात अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए 59 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना दीना पेट्रोल पंप की है, जहां उस समय कर्मचारी मौजूद थे और दैनिक कलेक्शन का काम चल रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय अचानक दो स्कूटी पर सवार छह अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। सभी अपराधियों के हाथों में हथियार और चाकू थे। उनमें से चार युवकों ने अपने चेहरे पर मास्क पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके।

अपराधियों ने आते ही कर्मचारियों को डराया-धमकाया और कलेक्शन में रखे 59 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि अपराधियों ने लूट के दौरान उनके साथ मारपीट करने की भी कोशिश की, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया।

घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।

फुटेज में साफ देखा गया है कि दो स्कूटी पर सवार होकर छह युवक आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध अपराधी की तस्वीर भी मिली है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

इस मामले में जेम्स कच्छप ने बताया कि पेट्रोल पंप उनके भाई का है और अपराधियों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए लूटपाट की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!