वृद्धाश्रम में एक वृद्ध की गला काटकर हत्या की कोशिश,पुलिस आत्महत्या और हत्या की कोशिश दोनों एंगल पर जांच कर रही है

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र में स्थित स्नेह स्पर्श नामक वृद्धाश्रम में रह रहे एक वृद्ध की शनिवार की रात गला काट कर हत्या की कोशिश की गई है।रविवार की सुबह उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।मिली जानकारी के अनुसार बरहेट बाजार के रहनेवाले 78 साल के अनिरुद्ध प्रसाद साह को एक मई 2022 में कुछ लोगों ने वृद्धाश्रम में रखा था। तब से वह वृद्धाश्रम में रह रहे थे। उनकी दो बेटियां है। एक कोलकाता तो दूसरी साहिबगंज के ही बनियाटोली में रहती है।बताया जा रहा है कि वृद्ध के पास कुछ संपत्ति भी है, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा है। वृद्ध अपनी संपत्ति तीन भागों में बांटना चाहता है। दो हिस्सा अपनी दोनों बेटियों को तो एक हिस्सा अपनी बहन को देना चाहता था लेकिन बेटियां इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी के बाद वृद्ध वृद्धाश्रम में आकर रहने लगा। साहिबगंज में रहनेवाली बेटी वृद्धाश्रम में जाकर हंगामा भी कर चुकी है।इधर शनिवार की रात करीब 10 बजे वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी महिला-पुरुष खाना खाकर अपने अपने कमरे में सो गए। सुबह में एक महिला उठी तो उसने वृद्ध को शौचालय के पास गिरा देखा। पास में जाने पर गला कटा हुआ था। इसके बाद महिला ने अन्य लोगों को मामले की जानकारी दी। कुछ लोगों की मदद से जख्मी बुजुर्ग को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।वहीं सूचना मिलने पर बाल कल्याण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। वृद्धाश्रम में करीब दो दर्जन महिला-पुरुष रहते हैं। इसका संचालन एक गैर सरकारी संस्था करती है। आश्रम में घुसकर जानलेवा हमले से वृद्धाश्रम के लोग डर गए हैं।वृद्धाश्रम में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है लेकिन वह खराब था। पुलिस आत्महत्या और हत्या की कोशिश दोनों एंगल पर मामले की जांच कर रही है।