Ranchi:कई फर्जी प्रमाण पत्र बनने के बाद सदर अस्पताल प्रबंधन का फैसला,अब अस्पताल की टीम खुद बनाएगी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,टीम का हुआ गठन

राँची।राजधानी के सदर अस्पताल में पिछले दिनों साइबर अपराधियों ने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एस मंडल का यूजरनेम और पासवर्ड का हैक कर करीब 30 जन्म मृत्यु सर्टिफिकेट बना लिए थे।मंगलवार को इसको लेकर लोअर बाजार में मामला दर्ज कराया गया है।अब इस फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए सदर अस्पताल प्रबंधन ने ठोस कदम उठाया है। अब सदर अस्पताल की टीम खुद से जन्म मृत्यु सर्टिफिकेट बनाएगी।

डॉक्टर एस मंडल ने बताया कि जन्म मृत्यु सर्टिफिकेट पहले प्रज्ञा केंद्र से बनाया जा रहा था।लेकिन अब सदर अस्पताल की टीम खुद से जन्म मृत्यु सर्टिफिकेट बनाएगी। जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट बनाने के लिए टीम का गठन किया गया है। इसके लिए एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रख सारा काम उपाधीक्षक के द्वारा किया जाएगा।अब हर दिन इसकी मॉनिटिरिंग सिविल सर्जन करेंगे। इसके लिए निर्देश दिया गया है कि हर दिन बनने वाले सर्टिफिकेट की पूरी जानकारी सिविल सर्जन को देनी होगी, जिसके बाद सर्टिफिकेट निर्गत किया जाएगा।

इधर अस्पताल में पूरे कार्य के लिए एक अलग से कमरे का इंतजाम किया गया है, जहां पर कर्मचारी के अलावा किसी के आने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही साइबर अपराध से बचने के लिए कुछ खास साफ्टवेयर का भी प्रयोग किया जाएगा।

बता दें कि अस्पताल के उपाधीक्षक का यूजर नेम और पासवर्ड हैक कर हैकरों ने कई जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बना लिए थे। जिसकी जानकारी मिलने के बाद उपाधीक्षक ने जांच की और इसकी जानकारी देते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इस घटना के बाद अन्य प्रज्ञा केंद्रों में भी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर जांच की जा रही है।