प्रेमी ने प्रेमिका से दुष्कर्म के बाद जहर पिलाकर मारने की कोशिश की,आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र की एक युवती से जबरन दुष्कर्म के बाद जहर पिलाकर मारने की कोशिश करने का मामला प्रकाश में आया है। बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में इलाजरत पीड़िता के परिजनों ने इसकी शिकायत बुंडू महिला थाना में की। महिला थाने की पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर अड़की थाने को भेज दिया। इसके बाद अड़की पुलिस ने आरोपी हाथीराम मुंडा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बताया जाता है कि घटना नौ मार्च की है।आरोपी हाथीराम मुंडा और पीड़िता दोनों एक ही गांव के निवासी हैं दोनों के बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध चल रहा था। वर्ष 2022 में पीड़िता तमिलनाडु चली गई और वहां काम करने लगी। फरवरी 2024 को वह तमिलनाडु से अपने गांव आई उसके घर आते ही परिजन उसकी शादी दूसरे लड़के से करने की बात चलाने लगे। लड़का पक्ष वाले लड़कीवालों के घर भी आए। इसकी जानकारी प्रेमी हाथीराम मुंडा को हुई। इसके बाद नौ मार्च को उसने प्रेमिका को फोन कर गांव की टोंगरी में बुलाया। हाथीराम ने प्रेमिका को दूसरे लड़के से शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बात पर दोनों के बीच जमकर बहस हुई। इस दौरान हाथीराम ने प्रेमिका के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद साथ लाई कीटनाशक की शीशी प्रेमिका के मुंह में उड़लकर चलता बना। कुछ देर बाद युवती किसी तरह अपने घर पहुंची। लेकिन डर से घटना की जानकारी किसी को नहीं बताया। दूसरे दिन जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए बुंडू अस्पताल ले गए।बुंडू में दो दिनों तक इलाज चलने के बाद पीड़िता के पिता ने बुंडू महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई