राँची:थाने की हाजत से फिल्मी अंदाज में फरार हुआ आरोपी, वेंटिलेटर बना भागने का रास्ता

राँची। राजधानी के खेलगांव थाना परिसर से पुलिस की हिरासत में बंद एक आरोपी फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। चोरी और साजिश के मामले में गिरफ्तार 21 वर्षीय मो. असफाक अंसारी उर्फ मो. असफाक बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते निकल भागा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को दोपहर करीब 1:25 बजे आरोपी ने बार-बार बाथरूम जाने की इच्छा जताई। हाजत पर तैनात आरक्षी नीलकंठ कुमार ओहदार उसे बाथरूम तक लेकर गए। काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर आरक्षी ने दरवाजा खोला, लेकिन आरोपी वहां मौजूद नहीं था।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकलकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।फरार आरोपी मूल रूप से नामकुम स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी का रहने वाला है और फिलहाल गाड़ीगांव में किराए के मकान में रह रहा था।

घटना के बाद ड्यूटी पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर शिवनंदन कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

error: Content is protected !!