हनीट्रैप के जाल में फंसाकर व्यवसायी से लाखों की ठगी,एक महिला गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिला के लोयाबाद थाना क्षेत्र में हनीट्रैप से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। जिस पर सोशल मीडिया के जरिए एक व्यवसायी को फंसाकर ठगी करने का आरोप है।सरायढेला निवासी एक व्यवसायी की महिला से सोशल मीडिया पर पहचान हुई। 28 अप्रैल को महिला ने उसे मिलने के बहाने लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया।आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में उसका वीडियो बना लिया गया।
इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की। डर के कारण पीड़ित से करीब 4 लाख रुपये वसूले गए, जबकि कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर पैसे निकाले और उसके गहने भी ले लिए।पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में कई युवक-युवतियां शामिल हैं, जो इसी तरह लोगों को निशाना बनाते हैं।पुलिस ने इस मामले में महिला के पति समेत अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।बताया जा रहा है कि गिरफ्तार महिला पहले भी इस तरह के मामलों में जेल जा चुकी है।पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा है।
वहीं मामले को लेकर लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने कहा कि हनीट्रैप मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। महिला की पहचान कर ली गयी है।पुलिस इससे जुड़ी अन्य महिलाओं की तलाश कर रही है।

