ओवरटेक के चक्कर में दो वाहनों में टक्कर, वैगनआर के उड़े परखच्चे,पांच से अधिक घायल,बच्चे भी गंभीर

 

लोहरदगा/चंदवा।नेशनल हाईवे 39 (कुड़ू-डाल्टेनगंज मुख्य पथ) पर शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुड़ू और चंदवा थाना की सीमा पर स्थित सिसकरिया मोड़ के समीप एक वैगनआर कार और यात्री वाहन के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए राँची के रिम्स रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रेहला (गढ़वा रोड) निवासी गुड्डू उपाध्याय अपने परिवार के साथ वैगनआर कार में सवार होकर राँची से वापस पलामू लौट रहे थे।शुक्रवार शाम करीब छह बजे सिसकरिया मोड़ के पास कार चालक ने आगे चल रहे एक यात्री वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया।इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और यात्री वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य लहूलुहान हो गए।

हादसे के बाद एनएच पर जाम लग गया और चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।घायलों में गुड्डू उपाध्याय, नेहा उपाध्याय, पूर्णिमा कुमारी और पीयूषी उपाध्याय समेत दो बच्चे शामिल हैं।सभी को तत्काल कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राँची रिम्स रेफर कर दिया।

हादसे के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।चंदवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!