अवैध-सम्बंध के शक में पति ने नुकीले तीर जैसे रॉड से पत्नी को गोदकर मार डाला,आरोपी गिरफ्तार

 

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज में अवैध संबंध के शक में पार्थो घोष नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी राखी देवी की नुकीले हथियार (रॉड) से गोदकर हत्या कर दी। शुक्रवार को राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी पार्थो घोष ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, इसी वजह से उसने गुरुवार देर रात इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया नुकीला रॉड, जिसका अगला हिस्सा तीर की तरह था, उसे बरामद कर लिया है।घायल महिला को परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा भेजा था, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

इधर, मृतका की मौसी विफोला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि राखी की शादी दो साल पूर्व हुई थी, लेकिन ससुराल पक्ष उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। गुरुवार को पार्थो ने राखी और उसके परिजनों को समझौते के लिए मुखिया के घर बुलाया था, लेकिन वह खुद नहीं पहुंचा।जब राखी गोबरगाड़ी स्थित अपनी मौसी के घर गई, तो वहां पार्थो ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसमें थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने मृतका की मौसी के आवेदन पर कांड संख्या 139/26 दर्ज करते हुए मुख्य अभियुक्त को दबोच लिया है। आवेदन में पार्थो के अलावा तीन अन्य लोगों को भी इस षड्यंत्र में शामिल बताया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

error: Content is protected !!