लातेहार:सड़क हादसे में माँ-बेटी की मौत, रक्षाबंधन मनाकर घर लौट रहा था परिवार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझरिया घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। घाटी में एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि दो भाई गंभीर रूप से घायल हैं।सभी एक ही परिवार के हैं।यह परिवार बोकारो स्टील सिटी सेक्टर 8 का रहने वाला बताया जा रहा है।मृतकों में आशा देवी और शिखा कुमारी शामिल है। जबकि आशीष कुमार और प्रेम कुमार घायल हुए हैं।
दरअसल, आशीष की बड़ी बहन मेदिनीनगर में रहती है। बोकारो से सभी अपनी कार से राखी बांधने मेदनीनगर आए थे।राखी बांधने के बाद रविवार को पूरा परिवार मेदनीनगर से वापस बोकारो लौट रहे थे।इसी दौरान चंदवा थाना क्षेत्र के अमझरिया घाटी के पास सड़क पर उभरे गड्ढे के कारण उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और एक पेड़ से टकरा गई। जिससे गाड़ी के पिछले सीट पर बैठी आशा और शिखा की मौत हो गयीमजबकि आशीष और प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गए।
इधर, घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।वहीं, स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से बचाव कार्य भी आरंभ कर दिया।सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी रणधीर कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के दरवाजों को तोड़कर गाड़ी पर सवार सभी लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।लेकिन चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।जबकि घायल दोनों भाइयों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पीड़ितों के परिजनों को भी दे दी गयी है।
वर्तमान में मेदिनीनगर से कुडू तक एनएच 39 सड़क की स्थिति अत्यंत खतरनाक हो गयी है। अमझरिया घाटी में तो स्थिति जानलेवा बन गई है। विधायक प्रतिनिधि आदर्श रविराज ने बताया कि घाटी में कई बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं।घाटी से थोड़ी दूर आगे भी एक स्थान पर सड़क खतरनाक हो गई है।जिसके चलते अक्सर यहां दुर्घटना की संभावनाएं बन रही है।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि घाटी तथा अन्य स्थानों पर जर्जर सड़क की मरम्मत कराई जाए।

