जमशेदपुर: होटल में मिला चतरा के ठेकेदार का शव…मंगलवार की रात पहुंचे थे होटल, श्राद्धकर्म में शामिल होने आये थे,जांच में जुटी है पुलिस..
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर में एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना चौक के पास स्थित सन इंटरनेशनल होटल के एक कमरे में बुधवार की सुबह चतरा के हंटरगंज निवासी ठेकेदार सुबोध कुमार सिंह (42 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला।उनके चेहरे का रंग नीला पड़ चुका था, जिससे जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जतायी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और पुलिस जांच में जुटी है।सुबोध सिंह चतरा के हंटरगंज के निवासी हैं।फिलहाल वह हजारीबाग के मारखम कॉलेज के पास अपने परिवार के साथ रह रहे थे।वहां उन्होंने घर बनवाया है। वह सड़क,नाला निर्माण समेत कई अन्य सरकारी काम का ठेका लेते थे।
जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार की रात अपने साथी कारू सिंह और चालक विजय सिंह के साथ मानगो के लकड़ी कारोबारी जितेंद्र सिंह के घर श्राद्धकर्म में हिस्सा लेने जमशेदपुर आये थे और सन इंटरनेशनल होटल में ठहरे थे। घटना की सूचना मिलते ही चतरा विधायक जनार्दन पासवान, मृतक के भाई सुनील सिंह और भतीजे अतुल सिंह टीएमएच पहुंचे। परिवार ने घटना पर अनहोनी की आशंका जतायी है और पुलिस से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।अतुल सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे सुबोध सिंह से फोन पर बात हुई थी, उन्होंने पैसे भेजने की बात कही थी।सबकुछ सामान्य था, लेकिन सुबह मौत की सूचना मिली।अतुल ने बताया कि चाचा का चेहरा नीला पड़ गया था।सुबोध सिंह को एक बेटा और एक बेटी है।वह तीन भाई थे।
वहीं,उनके साथी कारू सिंह के अनुसार दोनों मंगलवार को दिन के 11 बजे हजारीबाग से निकले थे।शाम में होटल में एक जगह रुके, फिर करीब सात बजे जमशेदपुर के लिये निकले।यहां एक होटल में ठहरे थे। रात करीब 12:30 बजे तक दोनों ने साथ खाना-पीना किया, शराब भी पी, फिर सोने चले गये। सुबह आठ बजे जब उन्होंने सुबोध सिंह को जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं जगे। इसके बाद चालक विजय सिंह को इसकी जानकारी दी।फिर होटलकर्मियों की मदद से उन्हें टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगा।

