राँची के पुरुलिया रोड में हर दिन ऑटो से 4 हजार की अवैध वसूली,ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ा, निगम के इंफोर्समेंट कर्मी सहित छह पर प्राथमिकी,एक गिरफ्तार,पुलिस ने भेजा जेल…

–पिछले छह महीने से चल रहा था अवैध वसूली का खेल, ट्रैफिक परिचारी यातायात रंजन प्रसाद ने लोअर बाजार थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी

राँची।राजधानी की ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालकों से हो रहे अवैध वसूली के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। वह भी निगम के इंफोर्समेंट कर्मी के मिली भगत से चल रहे खेल का। इस मामले में लोअर बाजार थाना में ट्रैफिक परिचारी यातायात रंजन प्रसाद ने नगर निगम के इंफोर्समेंट कर्मी बबलू कुमार सिंह सहित छह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिन अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है उनमें मो.तबरेज, ठेकेदार शक्ति नारायण सिंह, दीपक वर्मा, मो.एकराम और मो. शमीम शामिल है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार परिचारी यातायात रंजन प्रसाद 14 जून को दिन के 11.45 में क्यूआरटी के साथ निरीक्षण पर थे। संत जेवियर कॉलेज के पास जब वे पहुंचे तो देखा कि ऑटो वालों से कुछ लोग अवैध वसूली कर रहे है। वसूली कर रहे एक युवक मो. तबरेज उर्फ सन्नी से ट्रैफिक परिचारी ने पूछा तो उसने बताया कि वह ठेकेदार शक्ति रामायण सिंह और दीपक वर्मा के कहने पर ऑटो से अवैध वसूली कर रहा है।

प्रतिदिन 3 से 4 हजार रुपए की अवैध वसूली कर देते है ठेकेदार को

मो.तबरेज ने बताया कि वाहन पड़ा शुल्क के नाम पर वहां से 10 और 25 का पर्ची काट अवैध वसूली की जाती है। प्रत्येक दिन वहां से 3000 से 4000 रुपए की अवैध वसूली होती है। जिसे वसूल कर ठेकेदार को वह देता है। मो. तबरेज के पास से दो तरह का पर्ची मिला। एक पीले रंग का पर्ची जिसमें कार्यालय राँची निगम और ठेकेदार शक्ति नारायण सिंह नाम अंकित था। उसमें शुल्क 10 रुपए लिखा था। दूसरा पर्ची सफेद रंग का था जिसमें कार्यालय राँची नगर निगम और ठेकेदार शक्ति नारायण सिंह व शुल्क 25 रुपए अंकित था। जब नगर निगम से इन दोनों पर्ची के बारे में पूछा गया तो जानकारी मिली कि इसका टेंडर ही नहीं हुआ है। दोनों पर्ची अवैध है। निगम ने यह भी बताया कि संत जेवियर कॉलेज के पास का टेंडर अभी तक हुआ ही नहीं है।

निगम के इंफोर्समेंट कर्मी करवाते है अवैध वसूली

मो. तबरेज ने यह भी बताया कि राँची नगर निगम के इंफोर्समेंट कर्मी बबलू कुमार सिंह के कहने पर ही वहां अवैध वसूली होती है। उसने यह भी कहा कि इस बात की जानकारी उसे ठेकेदार शक्ति नारायण सिंह ने भी दी है। पिछले छह महीने से वहां ऑटो चालकों के अवैध वसूली का काम चल रहा है। तबरेज ने ही बताया कि वहां मो. एकराम और मो. शमीम जो नदी ग्राउंड बड़ा तालाब के पास रहते है वे भी अवैध वसूली करते है।गिरफ्तार तबरेज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।