बिहार में पुलिसकर्मी को झंडू बाम लगा 3 कैदी फरार,पुलिसकर्मी आंख मलते रह गए…..

पटना।बिहार में राजधानी पटना पुलिस की बड़ी लापरवाही गुरुवार को सामने आई है। यहां फुलवारी जेल से पेशी के लिए कैदियों से भरी बस को पटना सिविल कोर्ट लाया जा रहा था। इस दौरान पीरबहोर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया कॉम्पेल्स के पास पुलिसकर्मी की आंख में झंडू बाम लगा कर तीन कैदी फरार हो गए। वहीं, एक पुलिसकर्मी का हाथ भी टूट गया है।घटना की पुष्टि टाउन डीएसपी अशोक प्रसाद ने की है। उन्होंने कहा कि जेल से पेशी के लिए कैदी वाहन से 42 कैदी को लाया जा रहा था। बीएन कुल्हड़िया कॉम्प्लेक्स के बीच मे दो वाहनों के टक्कर होने के कारण सड़क पर जाम लग गया। सड़क जाम छुड़ाने के लिए बस से पुलिसकर्मी उतर रहे थे। इस दौरान अपराधी पुलिसकर्मी की आंख में झंडू बाम रगड़ दिया।फिर कुछ देर के लिए पुलिसकर्मी आंख मलते रह गए।

इधर, तीन कैदी मौके से फरार हो गए। फरार हुए अपराधियों में सोनू शर्मा, सोनू कुमार और नीरज चौधरी शामिल है। तीनों आर्म्स एक्ट और ndps एक्ट में 2020, 2021 से जेल में बंद था।

बताया कि एक कैदी सोनू कुमार पहले भी सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान भागने का प्रयास किया था। लेकिन उसे पकड़ लिया गया था। फिलहाल, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीरबहोर थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस की लापरवाही के कारण कैदी फरार हुआ है। उस मामले में पुलिसकर्मी पर कार्रवाई भी की जाएगी।

वहीं, घायल पुलिसकर्मी के मुताबिक झंडू बाम के डब्बे को बरामद किया गया है। उस वक्त कैदी को पकड़ने का प्रयास किया गया। लेकिन मौके से कैदी फरार हो गए। धक्का देने की वजह से पुलिसकर्मी का हाथ भी टूट गया है। कैदी से भरी बस में दो पदाधिकारी और तीन पुलिसकर्मी के भरोसे 42 कैदी को लाया जा रहा था।