गढ़वा:मूर्ति विसर्जन को लेकर बवाल,पत्थरबाजी में एएसपी चोटिल,लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस के गोले छोड़े …

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के भंडरिया प्रखंड के मतगड़ी गांव में दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया है।पुलिस प्रशासन की ओर से विवादित रास्ते पर लगाये गये बैरिकेटिंग को तोड़ने के प्रयास के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।लाठीचार्ज की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। वहीं आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी करते हुए पुलिस को एक किमी तक खदेड़ दिया।इस पूरे घटना में एएसपी राहुल देव बड़ाइक गंभीर रूप से चोटिल हो गये।उनके सिर में गंभीर रूप से चोट लगी है। माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटना में एक युवक को गंभीर चोट लगी है।वहीं कई महिलाएं चोटिल हुई है।इस पूरे घटना में आक्रोशित लोगों ने पुलिस वैन व थाना प्रभारी के एक बोलेरो वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।वहीं खेत में पलट दिया है। इस घटना के बाद पुलिस बल मंगाया जा रहा है।

वहीं पूरे घटना पर रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंतीया नजर बनाए हुए हैं।वहीं अतिरिक्त बल मंगाया जा रहा है।

बता दें पूरा मामला यह है कि पूजा समिति के लाइसेंस में जिस सड़क मार्ग से विसर्जन किये जाने का उल्लेख है। उस रास्ते पर एक विशेष समुदाय की ओर से आपत्ति दर्ज की गई है। जिसके बाद पुलिस ने इस विवादित सड़क पर निषेधाज्ञा लगाया था। लेकिन समिति के लोग लाइसेंस में वर्णित मार्ग से ही विसर्जन किये जाने को लेकर अड़े हुए है।

इस घटना के बाद पूरे मतगड़ी के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
गढ़वा के भंडरिया थाना क्षेत्र में मतगड़ी में पिछले तीन दिनों से मूर्ति विसर्जन के रूट को लेकर विवाद चल रहा था। मूर्ति विसर्जन के रूट को बदला गया था लेकिन ग्रामीण उसी रूट से विसर्जन को लेकर अड़े हुए थे। रविवार को पुराने रुट से हो मूर्ति विसर्जन को लेकर तैयारी थी लेकिन इसी को लेकर विवाद हो गया।हंगामा और नारेबाजी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसके बाद तनाव और बढ़ गया।बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने तोड़फोड़ भी की। इस दौरान पुलिस की एंटी मॉब किट को ग्रामीणों ने एक जगह जमा करके फूंक दिया।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। गढ़वा एसपी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में है, शांति व्यवस्था हो गई है।बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूजा समिति के लोगों को बुलाया गया है, पूजा समिति के साथ बातचीत की जाएगी। बता दें कि शनिवार की रात गढ़वा के लखना में भी मूर्ति विसर्जन को लेकर तनाव हुआ था।