गिरिडीह:गला रेतकर महिला की हत्या, शव को झाड़ियों में फेंका, ग्रामीणों ने घंटों सड़क जाम रखा,पति पर हत्या का आरोप..

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के बैरिया गांव के पास मुरली पहाड़ी पर जेट्रोफा की झाड़ियों से बुधवार को एक महिला का शव बरामद किया गया है। मृत महिला के शरीर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं।ऐसे में गला रेतकर महिला की हत्या की आशंका जताई गई है। मृत महिला की पहचान बैरिया निवासी रिंकू कुमारी के रूप में की गई है और उसका ससुराल देवरी थाना क्षेत्र में पड़ता था।

शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने की कोशिश में जुट गई।लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को शव सौंपने से इनकार कर दिया।ग्रामीण हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

ग्रामीणों ने घटना के पीछे महिला के पति के हाथ होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना था कि निर्मम तरीके से घटना को अंजाम दिया गया हैं। गला रेतकर महिला की हत्या की गई है।ऐसे में जब तक हत्यारा पकड़ा नहीं जाता है, तब तक शव उठने नहीं दिया जाएगा।साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन क्षेत्र में हत्याएं हो रही हैं और पुलिस हत्यारे को पकड़ने में विफल साबित हो रही है।

इसके बाद हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने खरगडीहा-खिजुरी मार्ग को जाम कर दिया। वहीं जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल के साथ कई पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन लोग पुलिस की एक सुनने को तैयार नहीं थे।

इस संबंध में थाना प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि मृत महिला का का मायका बैरिया था। प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि पति अनिल यादव ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया है।पुलिस अनिल यादव की खोजबीन में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।