हजारीबाग:घर में कोयला का चूल्हा जलाकर सोया,दम घुटने से दादी और पोती की मौत,तीन महिलाएं घायल,तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय के डाड़ीकला ओपी क्षेत्र के ऊपर डाड़ी गांव में दम घुटने से दादी और पोती की मौत हो गई है।बताया जा रहा है कि गांव के लालदेव महतो के घर में कोयला चूल्हा के गैस से दम घुटने से दादी-पोती की मौत हो गई,जबकि 3 महिलाएं घायल हो गयी।घायलों में से 2 का इलाज हजारीबाग में हो रही है, वहीं एक महिला को राँची रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में 75 वर्षीय दादी नेमन माेसोमात,पति कालहा महतो और तीन वर्षीय पोती आदित्या कुमारी शामिल है।आदित्य कुमारी भीम प्रकाश महतो की पुत्री थी जबकि घायलों में लालदेव महतो की पत्नी 45 वर्षीय रूपम देवी, भीम प्रकाश महतो की पत्नी 24 वर्षीय पूनम देवी एवं दिलीप महतो की 21 वर्षीय पुत्री बबीता कुमारी जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

घटना के सम्बंध में मृतक के परिजन भीम प्रकाश महतो ने बताया कि त्रिवेणी सैनिक कंपनी द्वारा ऊपर डाड़ी गांव में ओबी कार्य को लेकर घर को खाली कराया जा रहा है। इसीलिए दूसरे स्थान में नया घर बना रहे थे। फिलहाल झोपड़ीनुमा घर में रह रहे थे।मंगलवार (28 दिसंबर) की रात खाना खाकर सभी सो गये जबकि घर की अन्य महिलाएं एक ही झोपड़ी में सोने चली गयी।

जिस झोपड़ी में महिलाएं सो रही थी, वहीं पर ठंड से बचने के लिए कोयले का चूल्हा जला रखी थी।बताया कि बुधवार ( 29 दिसंबर) की सुबह जब महिलाओं को उठाने के लिए गया। उठाने के लिए कई बार आवाज लगायी गयी, लेकिन किसी के आवाज नहीं देने पर दरवाजा तोड़कर देखा, तो घर की महिलाएं बेहोश पड़ी हुई थी।वहीं, दादी-पोती अचेत अवस्था में थी। सभी को तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दादी-पोती को मृत घोषित किया,वहीं अन्य घायलों को इलाज शुरू किया।इस दौरान घायल एक महिला को परिजन राँची ले गये।

इधर ऊपर डाड़ी में दादी और पोती की अर्थी जब एक साथ उठी,तो सारा गांव गमगीन हो गया।हर लोगों के आंखों में आंसू छलक रहे थे। दोनों का अंतिम संस्कार लावण्या आहारा श्मशान घाट में की गयी। मुखाग्नि लालदेव महतो ने दिया।

बता दे हजारीबाग जिले में 10 दिन में ये दूसरी घटना है जहां अंगीठी जलाकर सोने से मौत हुई है।इससे पहले तीन लोगों की मौत हुई थी।वहीं राँची में भी दो घरों में चार लोगों की मौत हो चुकी है।