200 एकड़ जमीन का कथित साम्राज्य खड़ा करने वाला राजद नेता भगत यादव पटना से गिरफ्तार, EOU की बिहार-झारखण्ड में ताबड़तोड़ छापेमारी
–19.50 लाख रुपये नकद बरामद, पत्नी और बेटा भी हिरासत में; चतरा के हंटरगंज में कारोबारी सहयोगी के ठिकाने पर पहुंची टीम, 76 संपत्तियों का ब्योरा जांच के घेरे में
गयाजी/पटना/चतरा।जमीन के कारोबार से करोड़ों की कथित बेनामी संपत्ति अर्जित करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से जुड़े चर्चित जमीन कारोबारी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को बिहार से लेकर झारखण्ड में तक एक साथ छापेमारी कर रही EOU की टीम ने भगत यादव को पटना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके ठिकाने से 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार्रवाई में उसकी पत्नी सुनीता देवी और बेटे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सुनीता देवी डोभी प्रखंड की प्रमुख बताई जाती हैं।
इस पूरी कार्रवाई का दायरा केवल गया जिले तक सीमित नहीं है। EOU की अलग-अलग टीमें गया, बोधगया, डोभी, औरंगाबाद, पटना और झारखण्ड के चतरा जिले तक पहुंची हैं। जांच का मुख्य केंद्र जमीन की खरीद-बिक्री, कथित बेनामी संपत्ति, रजिस्ट्री के दस्तावेज और कारोबार के जरिए अर्जित की गई संपत्ति के वास्तविक स्रोत का पता लगाना है।
चतरा के हंटरगंज में भी EOU की दबिश, झारखण्ड कनेक्शन खंगाल रही टीम
इस कार्रवाई में झारखण्ड का सबसे प्रमुख कनेक्शन चतरा जिले के हंटरगंज से सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, EOU की टीम ने हंटरगंज में भगत यादव के कारोबारी सहयोगी से जुड़े ठिकाने पर छापेमारी की है। बिहार से पहुंची टीम यहां जमीन और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हंटरगंज के अलावा झारखण्ड के बोकारो, धनबाद और डुमरी का नाम भी सामने आया है। हालांकि, इन तीनों स्थानों का उल्लेख फिलहाल भगत यादव के खिलाफ शिकायत में दर्ज पुराने आपराधिक मामलों के संदर्भ में है। वहां शुक्रवार को EOU की मौजूदा छापेमारी होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पटना से गिरफ्तारी, फ्लैट से मिले 19.50 लाख रुपये
EOU की टीम ने भगत यादव को पटना के शास्त्रीनगर इलाके से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। वहीं, पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मां सुखिया महल अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 406 में तलाशी के दौरान 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।इस फ्लैट में मौजूद उसकी पत्नी सुनीता देवी को भी हिरासत में लिया गया। दूसरी तरफ गया जिले के डोभी स्थित आवास से उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। जांच एजेंसी परिवार के सदस्यों और करीबियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों तथा उनके वित्तीय लेनदेन का ब्योरा जुटा रही है।
200 एकड़ जमीन के साम्राज्य का आरोप, 76 संपत्तियों का मिला ब्योरा
भगत यादव के खिलाफ मिली शिकायत में करीब 200 एकड़ जमीन का कथित साम्राज्य खड़ा करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन पर कब्जा, रंगदारी और अन्य कथित आपराधिक गतिविधियों के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित की गई।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संपत्तियां सीधे अपने नाम पर खरीदने के बजाय पत्नी सुनीता देवी, बेटे आर्यन कुमार, सहयोगियों और कंपनियों के नाम पर खरीदी गईं।शिकायत से जुड़े दस्तावेजों में 76 संपत्तियों की प्रविष्टियों का उल्लेख है। इनमें सुरेंद्र कुमार सुमन, सुनीता देवी, आर्यन कुमार, सुधीर पांडेय और उपेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री का विवरण वर्ष 2014 से 2026 तक का बताया गया है।
संपत्तियों की सूची में गया जिले के बजौरा, बोधगया, शेरघाटी, बाराचट्टी, डोभी, परसावां, बड़गांव और अमरथ समेत कई इलाकों का उल्लेख है। दस्तावेजों में बोधगया के दो और पटना के एक फ्लैट का भी जिक्र है। बजौरा में अलग-अलग तारीखों पर जमीन की खरीद से संबंधित प्रविष्टियां भी सामने आई हैं।
कंपनी के जरिए संपत्ति खरीदने का भी आरोप
शिकायत में Ananya Crops India Pvt Ltd नामक कंपनी का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से पत्नी और बेटे के नाम पर संपत्तियां खरीदी गईं। इसके अलावा बोधगया-शेरघाटी हाईवे और पटना के आसपास जमीन में निवेश किए जाने का दावा किया गया है।
कुछ भूखंडों के भूदान, यज्ञ समिति और सीलिंग से जुड़े होने की बात भी शिकायत में कही गई है। EOU अब इन जमीनों के स्वामित्व, रजिस्ट्री, खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए धन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
बिहार और झारखण्ड के 23 आपराधिक मामलों का भी जिक्र
भगत यादव के खिलाफ दिए गए आवेदन में बिहार और झारखण्ड के विभिन्न थानों में दर्ज 23 प्राथमिकी का उल्लेख किया गया है। इनमें गया जिले के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी थानों के मामले शामिल बताए गए हैं।
झारखण्ड में बोकारो के चास, धनबाद के जोगता, डुमरी और चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र से जुड़े मामलों का भी जिक्र है। शिकायत में इन मामलों को अपहरण, रंगदारी, जमीन पर कब्जा और मारपीट जैसी कथित आपराधिक गतिविधियों से संबंधित बताया गया है।
शिकायत में बोकारो चास थाना कांड संख्या 108/03 और धनबाद के जोगता थाना कांड संख्या 51/10 का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन प्राथमिकी में लगे आरोपों और उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति की अलग से पुष्टि होना बाकी है।
डोभी से पटना और झारखंड तक फैले नेटवर्क की पड़ताल
शुक्रवार सुबह पटना से पहुंची EOU की अलग-अलग टीमों ने डोभी स्थित भगत यादव के आवास और कार्यालय समेत कई ठिकानों पर तलाशी शुरू की। बोधगया थाना क्षेत्र के बजौरा, डोभी के करीबी लोगों के ठिकानों और औरंगाबाद में भी जांच की गई। डोभी में उसके करीबी उपेंद्र वर्मा के आवास और मोतीपुर में सुरेंद्र कुमार यादव से जुड़े ठिकाने पर भी कार्रवाई की खबर है।पूरी कार्रवाई डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में की जा रही है। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने भी छापेमारी की पुष्टि की है।
फिलहाल EOU की जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जमीन के कारोबार से अर्जित धन का वास्तविक स्रोत क्या था, किन लोगों के नाम पर संपत्तियां खरीदी गईं और बिहार-झारखण्ड में फैले इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। छापेमारी में बरामद दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच के बाद ही पूरे संपत्ति नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

