पटना में फर्जी आधार का खेल बेनकाब, निलंबित ऑपरेटर के पासवर्ड से फर्जीवाड़ा कर रहा राँची का चितरंजन गिरफ्तार

 

राँची/पटना।आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार कराने के नाम पर चल रहे अवैध वसूली के खेल का पटना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने झारखण्ड की राजधानी राँची के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राँची के अपर बाजार निवासी चितरंजन कुमार पांडेय के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी पटना के ललित भवन परिसर से की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे कई लोगों का नेटवर्क काम कर रहा था। गिरोह के सदस्य कथित तौर पर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और पहले से बने आधार कार्ड में नाम, पता समेत अन्य जानकारियों में बदलाव कराने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे थे।

निलंबित ऑपरेटर के लॉगिन से चल रहा था खेल

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी के पास से निलंबित आधार ऑपरेटर का लॉगिन आईडी और पासवर्ड बरामद किया गया है। इसके अलावा आधार से संबंधित काम में इस्तेमाल होने वाला सॉफ्टवेयर भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस को आशंका है कि इसी व्यवस्था का इस्तेमाल कर गिरोह फर्जी तरीके से आधार से जुड़े काम को अंजाम दे रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन और एक आईरिस डिवाइस भी बरामद किया है। जब्त उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके माध्यम से कितने लोगों के आधार से छेड़छाड़ की गई और गिरोह का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है।

साइबर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

मामले को लेकर पटना साइबर थाने में कांड संख्या 1564/26 दर्ज की गई है। गिरफ्तार चितरंजन कुमार पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), आईटी एक्ट की धारा 66 और 66(सी) तथा आधार अधिनियम 2016 की धारा 34, 35, 36, 37, 38 और 39 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

राँची तक जुड़ा तार, बाकी सदस्यों की तलाश

चितरंजन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच का दायरा इस बात तक बढ़ाया जा रहा है कि निलंबित ऑपरेटर का लॉगिन-पासवर्ड आरोपियों तक कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल कितने समय से किया जा रहा था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फर्जी आधार बनाने और अपडेट कराने के नाम पर अब तक कितने लोगों से रकम वसूली गई है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

 

 

error: Content is protected !!