पाकुड़ में पाइप लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 4 घंटे में 10 अपराधी गिरफ्तार, ट्रक-बोलेरो समेत 42 पाइप बरामद
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से लोहे के डीआई पाइप की डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज चार घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से डकैती किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक ट्रक और एक बोलेरो भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नौ और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का एक आरोपी शामिल है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की रात पाकुड़िया थाना क्षेत्र के कंगला मोड़ के पास सलगापाड़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए रखे लोहे के डीआई पाइप की डक़ैती की सूचना मिली थी। 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया।
तकनीकी और मानवीय सूचना से खुला गिरोह का राज
एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में डकैती में शामिल सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से लोहे के डीआई पाइप की डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर डकैती के पाइप के साथ वारदात में इस्तेमाल ट्रक और बोलेरो भी बरामद कर ली।
मुर्शिदाबाद से मुजफ्फरपुर तक के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख (55), जहांगीर आलम (35), उत्पल शील (33), मानिक शील (48), नील कमल शील (30), सजल दास (42), सिराज शेख (22), तुजामेल शेख (28), नशीरूद्दीन (31) और संजीत महतो (46) शामिल हैं।
इनमें नौ आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जबकि संजीत महतो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार तुजामेल शेख बोलेरो और संजीत महतो ट्रक का चालक है। आरोपियों का कार्यक्षेत्र पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाके बताए गए हैं।
ट्रक, बोलेरो, 42 पाइप और आठ मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं। इनमें एक अशोक लीलैंड ट्रक (WB19K-2283), एक महिंद्रा बोलेरो (WB26AV-7837), डकैती के 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, आठ अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड और एक लाठी शामिल हैं। बरामद पाइपों की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये आंकी गई है।
कई आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। ताज मुहम्मद शेख के खिलाफ मुर्शिदाबाद थाना में वर्ष 2019 में डकैती की योजना बनाने और अपराध से जुड़ा मामला दर्ज है। इसके अलावा बीरभूम के मोड़ बाजार थाना कांड संख्या 223/2025 में भी उसका नाम सामने आया है।
जहांगीर आलम का नाम भी बीरभूम के मोड़ बाजार थाना कांड संख्या 223/2025 में दर्ज है। वहीं नील कमल शील के खिलाफ मुर्शिदाबाद थाना में वर्ष 2026 और गंगारामपुर थाना में वर्ष 2024 के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पाकुड़िया थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में वादी भोला कुमार राय (30 वर्ष), निवासी बारादाहा, थाना खागा, जिला देवघर के फर्दबयान के आधार पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26.11.2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
एसआईटी की टीम ने की कार्रवाई
पूरे मामले के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, रद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता, अजय कुमार महतो सहित पाकुड़िया थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। इसके अलावा पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर ओपी के सशस्त्र बल ने भी छापेमारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर इस गंभीर डकैती कांड का उद्भेदन करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सरकारी ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए रखे गए पाइप की डकैती करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।

