जमशेदपुर: एमजीएम के शवगृह में भी सुरक्षित नहीं मुर्दे…18 वर्षीय युवक की दोनों आंखें और नाक चूहों ने कुतरी, शव देखकर भड़के परिजन
जमशेदपुर। झारखण्ड के जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल से ऐसी शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने अस्पताल की व्यवस्था और शवों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां इंसान की मौत के बाद भी उसका शव सुरक्षित नहीं है। अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखे 18 वर्षीय युवक के शव की दोनों आंखें और नाक चूहों ने कुतर डालीं। गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने पहुंचे और उसकी हालत देखी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जिस अस्पताल में मरीजों के इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी है, वहां मौत के बाद शव की सुरक्षा तक नहीं हो पाना व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।
जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलाइडीह निवासी 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक ने बुधवार सुबह अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे पहले नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एमजीएम पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
सुबह शव लेने पहुंचे तो गायब थीं आंखें, नाक भी कुतरी हुई थी
गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग शव लेने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। आरोप है कि शव की दोनों आंखें और नाक चूहों ने कुतर दी थीं। परिजनों का कहना है कि जब युवक का शव अस्पताल में रखा गया था, तब उसकी आंखें सुरक्षित थीं। मृतक के परिजन सूरज प्रमाणिक ने बताया कि शव की ऐसी हालत देखकर पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।सूचना मिलने पर डॉक्टर नारायण उरांव मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया।
इस घटना ने 376 करोड़ रुपये की लागत से बने एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का सवाल है कि शवगृह में चूहे कैसे पहुंच गए? वहां रखे शव की निगरानी कौन कर रहा था? आखिर अस्पताल की जिम्मेदारी में रखे एक शव के साथ इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई?
एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने फिलहाल इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पहले शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही वह कुछ कह पाएंगे।वहीं, एमजीएम थाना के पदाधिकारी हिसामुद्दीन खान ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था और जवाबदेही को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल सिर्फ एक युवक के शव का नहीं, बल्कि अस्पताल के शवगृह में रखे हर शव की सुरक्षा का है।

