हजारीबाग में संगठित अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 44 टीमों ने 107 जमानत पर छूटे आरोपियों का किया सत्यापन

 

179 पुलिसकर्मी अभियान में शामिल, 18 संदिग्धों को थाने लाकर PR बॉन्ड पर छोड़ा गया

हजारीबाग।जिले में संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 24 और 25 नवंबर को जिलेभर में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 107 आरोपियों के घर पहुंचकर उनका भौतिक सत्यापन किया और उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

हजारीबाग पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस विशेष अभियान के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 44 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 179 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर पूर्व में न्यायालय से जमानत पर मुक्त हुए संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों के आरोपियों का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान कुल 107 आरोपियों का भौतिक सत्यापन किया गया। इनमें 18 संदिग्ध आरोपियों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया।

पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और जमानत पर बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे। हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि उनके इलाके में यदि कोई व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है या ऐसी कोई सूचना मिलती है, तो तत्काल नजदीकी थाने को इसकी जानकारी दें। सूचना का सत्यापन कर पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

error: Content is protected !!