राँची: शादी का झांसा देकर 3 साल तक यौन शोषण, शादी की बात पर युवती से मारपीट का आरोप; FIR दर्ज
राँची।राजधानी राँची के मेसरा ओपी क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती ने करण कुमार महतो नामक युवक पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और शादी का भरोसा देकर बार-बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, शादी की बात करने युवक के घर पहुंचने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। युवती के लिखित आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2023 में हुई थी दोस्ती, शादी का भरोसा देकर शोषण का आरोप
युवती ने अपने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान करण कुमार महतो से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि वर्ष 2024 में जब युवती घर में अकेली थी, तब करण बातचीत के बहाने उसके घर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर उसने शादी करने का भरोसा दिया। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, 23 मार्च 2024 को आरोपी उसे एक होटल ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ यौन शोषण किया। इसके बाद जून 2024 से अगस्त 2025 तक अलग-अलग स्थानों और उक्त रेस्टोरेंट में ले जाकर भी शोषण किए जाने का आरोप है। युवती ने 19 जनवरी 2026 को ए.के. लॉज ले जाकर यौन शोषण करने की बात भी अपने आवेदन में कही है।
युवती का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह अपने माता-पिता से बात करने का आश्वासन देकर टालमटोल करने लगा। बाद में रिश्ता खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।इसके बाद युवती ने पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि परिजन जब शादी की बात करने युवक के घर पहुंचे तो करण, उसकी मां और घर के अन्य सदस्यों ने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद पीड़िता ने मेसरा ओपी पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने युवती के आवेदन पर सदर (मेसरा ओपी) थाना में 24 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी जांच अधिकारी को सौंपी गई है। फिलहाल युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

