राँची में अफीम की खेती करने वालों की अब खैर नहीं…गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन का जागरूकता वाहन, जमीन मालिकों को भी दी गई कड़ी चेतावनी–

 

–20 साल की सजा से लेकर आजीवन कारावास तक का प्रावधान, अफीम की खेती के लिए जमीन देने वालों पर भी होगी कार्रवाई; डीसी और एसएसपी ने आठ जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

राँची।झारखण्ड में अफीम की अवैध खेती पर लगाम लगाने के लिए राँची जिला प्रशासन ने अब गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की है। अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों के साथ-साथ अपनी जमीन उपलब्ध कराने वाले जमीन मालिकों को भी प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती करना या इसके लिए किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी जमीन लीज अथवा पट्टे पर देना भी गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 20 साल तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।

इसी को लेकर बुधवार को राँची जिला प्रशासन ने व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। मोरहाबादी मैदान में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों, ग्रामीण इलाकों और गांवों में पहुंचकर लोगों को अफीम की अवैध खेती के नुकसान और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे।

अफीम की खेती करने वालों के साथ जमीन देने वाले भी होंगे कार्रवाई के दायरे में

जिला प्रशासन के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अफीम की खेती के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और इस अवैध धंधे में स्थानीय स्तर पर मिलने वाले सहयोग को रोकना है। जागरूकता वाहनों के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना ही नहीं, बल्कि इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि चंद पैसों के लालच में अपनी जमीन अफीम की खेती के लिए किसी को भी लीज या पट्टे पर नहीं दें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन को तत्काल सूचना दें।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग मांगा है। जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया जाएगा कि उनके आसपास कहीं भी अफीम की खेती हो रही हो या इसके अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अफीम के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी प्रशासन की नजर

प्रशासन ने अवैध खेती और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। अफीम की खेती एवं कारोबार से जुड़े लोगों के साथ इस मामले में पुलिस द्वारा आरोप पत्रित किए गए व्यक्तियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ ही इस अवैध धंधे से अर्जित धन और संपत्तियों के विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अफीम की खरीद-बिक्री, परिवहन और इसके दुरुपयोग में शामिल लोगों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।

खेत की मिट्टी से लेकर जलस्रोत तक को पहुंचता है नुकसान

जागरूकता अभियान में लोगों को केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय और सामाजिक नुकसान के बारे में भी बताया जाएगा। प्रशासन के अनुसार अफीम की खेती से जमीन की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है। इसके अलावा तालाब, नदी और कुएं जैसे जलस्रोतों के दूषित होने का खतरा भी बना रहता है। अफीम और इससे तैयार उत्पादों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसानदायक है। नशे की लत का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ता है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं।

ग्रामीणों की भागीदारी से अफीम की खेती पर लगेगी रोक

जिला प्रशासन का मानना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से अफीम की अवैध खेती पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और जनसहयोग भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से आठ जागरूकता वाहनों को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है, ताकि गांवों तक सीधे संदेश पहुंचाया जा सके और लोग इस अवैध गतिविधि से दूर रहें।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

 

error: Content is protected !!