राँची गैंगरेप केस में सनसनीखेज मोड़….तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश के बीच करीबियों पर शक, पति से पूछताछ;ओझा-गुनी कनेक्शन ने बढ़ाया सस्पेंस..

 

राँची। राजधानी राँची के तुपुदाना इलाके में तीन बच्चों की मां के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला अब कई सवालों के घेरे में आ गया है। तीन अज्ञात लोगों पर घर से जबरन उठाकर ले जाने और सुनसान जगह पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाने वाली महिला के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ ही कुछ ऐसे पहलू सामने आ रहे हैं, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन अज्ञात आरोपी कौन हैं? क्या वास्तव में इस वारदात को बाहरी लोगों ने अंजाम दिया या फिर इसके पीछे पीड़िता के किसी करीबी की भूमिका है? पुलिस अब इन तमाम बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पीड़िता के करीबियों की भूमिका को भी खंगाला जा रहा है। वहीं, पीड़िता के पति से भी पूछताछ की जा रही है।

मामला दर्ज होते ही रेस हुई राँची पुलिस, SSP के निर्देश पर बनी टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की गई है। इस जांच में धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह और तुपुदाना थाना प्रभारी के साथ राँची पुलिस की टेक्निकल टीम को भी लगाया गया है।

बता दें सोमवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ तुपुदाना थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

सोमवार दोपहर बाद मामला दर्ज होते ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। देर रात तक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता के घर और कथित घटनास्थल पर पहुंचकर कई घंटे तक जांच-पड़ताल की। मंगलवार की सुबह से भी पुलिस टीम ने घटनास्थल, पीड़िता के घर और आसपास के इलाकों में बारीकी से छानबीन की। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ कर उनके बयान भी लिए गए।

ओझा-गुनी के चक्कर में क्यों पड़ा परिवार? जांच में यह पहलू भी अहम

इस पूरे मामले में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कथित घटना के बाद पीड़िता के परिजन अपने स्तर से आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए कथित तौर पर एक ओझा से भी संपर्क किया गया था।बताया जा रहा है कि पीड़िता के पति ने ओझा-गुनी के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश की कि आखिर इस वारदात को किन लोगों ने अंजाम दिया है। हालांकि, इस प्रक्रिया से क्या जानकारी मिली और परिवार ने इसके आधार पर किस पर संदेह किया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि परिवार को ओझा के पास जाने की सलाह किसने दी थी और इस पूरे घटनाक्रम में किन लोगों की क्या भूमिका रही।

चार दिन बाद थाने पहुंचने की बात पर डीएसपी ने दी सफाई

मामले में शिकायत दर्ज कराने में कथित देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस के पास सोमवार को दिन में करीब दो बजे महिला अपने परिजनों के साथ पहुंची थी। महिला ने शिकायत की और उसके बयान के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

डीएसपी ने चार दिन बाद मामला दर्ज होने की बात को लेकर कहा कि वरीय पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही प्राथमिकी दर्ज हुई, यह कहना सही नहीं है। महिला खुद सोमवार को थाना पहुंची थी और पुलिस ने उसी समय मामला दर्ज कर लिया था।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली तीन बच्चों की मां ने तीन अज्ञात व्यक्तियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की रात करीब नौ बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर जबरन उसे घर से उठाकर गांव के बाहर खलिहान में ले गए।महिला का आरोप है कि वहां तीनों व्यक्तियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह तीनों आरोपियों को पहचानती नहीं है।

इस मामले में एक अहम बात यह भी है कि कथित घटना के समय महिला के बच्चे और उसकी मां घर में मौजूद थे। हालांकि, परिवार के किसी सदस्य ने घटना को प्रत्यक्ष रूप से देखने की बात नहीं कही है।बताया जाता है कि महिला का पति मजदूरी करता है।घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था।

घटनास्थल से लेकर परिवार के करीबियों तक जांच का दायरा

डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और पीड़िता के घर की जांच की है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

इधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा अब केवल तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश तक सीमित नहीं है। पुलिस पीड़िता के परिचितों, पारिवारिक संपर्कों और घटना के बाद हुई गतिविधियों को भी खंगाल रही है। पीड़िता के पति से पूछताछ भी इसी जांच का हिस्सा बताई जा रही है।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

इस मामले में फिलहाल कई सवाल अनसुलझे हैं। तीनों कथित आरोपी कौन थे? वे महिला के घर तक कैसे पहुंचे? क्या वे पहले से महिला को जानते थे? घटना के बाद परिजनों ने पुलिस के बजाय ओझा से संपर्क क्यों किया? और पुलिस को मिले नए इनपुट आखिर किस दिशा में इशारा कर रहे हैं?इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे।

फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है। महिला की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच जारी है। अब सबकी नजर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में चल रही जांच पर टिकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा।

 

error: Content is protected !!